November 18, 2026

उत्तराखंड ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे पर भीषण हादसा, हरिद्वार से जोशीमठ जा रही बस गूलर पुल के पास नदी में गिरी, चालक-परिचालक समेत नौ की मौत और 25 घायल,,,,

उत्तराखंड ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे पर भीषण हादसा, हरिद्वार से जोशीमठ जा रही बस गूलर पुल के पास नदी में गिरी, चालक-परिचालक समेत नौ की मौत और 25 घायल,,,,

​ऋषिकेश। टिहरी गढ़वाल जिले में ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर गूलर पुल के समीप बुधवार तड़के एक हृदयविदारक सड़क दुर्घटना हो गई। हरिद्वार से जोशीमठ जा रही विश्वनाथ सेवा की एक यात्री बस तीखे मोड़ पर अनियंत्रित होकर करीब 100 मीटर नीचे सीधे गंगा नदी में जा गिरी। बस में कुल 34 यात्री सवार थे, जिनमें से चालक और परिचालक समेत नौ लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 25 अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

​सुबह 3:15 बजे हरिद्वार से हुई थी रवाना, चालक को झपकी आने की आशंका

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह यात्री बस बुधवार तड़के करीब 3:15 बजे हरिद्वार से जोशीमठ के लिए रवाना हुई थी। सुबह लगभग 4:50 बजे गूलर पुल के पास संकरे मोड़ पर चालक बस से नियंत्रण खो बैठा और बस सीधे नदी में जा समाई। पुलिस का प्रारंभिक अनुमान है कि सुबह के समय चालक को झपकी आ जाने के कारण यह हादसा हुआ है। हालांकि, घटना के सटीक कारणों की जांच की जा रही है और डीएम टिहरी ने हादसे की मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दे दिए हैं।

​युद्धस्तर पर चला रेस्क्यू अभियान, एम्स में भर्ती घायलों की हालत नाजुक

हादसे की सूचना मिलते ही मुनिकीरेती थाना पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और जल पुलिस की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं। टीमों ने रेस्क्यू बोट और रस्सियों के सहारे नदी में गिरी बस से यात्रियों को बाहर निकाला और स्ट्रेचर के माध्यम से सड़क तक पहुंचाया। सात यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि दो अन्य ने एम्स ऋषिकेश में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। घायल 25 यात्रियों में से छह की स्थिति बेहद गंभीर बनी हुई है, जिनका विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में इलाज चल रहा है।

​हादसे में जान गंवाने वाले मृतकों की सूची:

  • ​राजेंद्र सिंह (48) पुत्र कुंदन सिंह, निवासी खूंनी पैंजनी, रुद्रप्रयाग (चालक)

  • ​अमन नेगी (27) पुत्र आरएस नेगी, निवासी श्रीकोट श्रीनगर (परिचालक)

  • ​राज राय (56) पुत्र रामप्रताप राय, निवासी अनूपशहर, बुलंदशहर (उत्तर प्रदेश)

  • ​विक्की (37) पुत्र मेघराज, निवासी नजीबाबाद, बिजनौर (उत्तर प्रदेश)

  • ​पूनम (55) पत्नी पुन्नू, निवासी महरौली, दिल्ली

  • ​दीपक गुप्ता (35) पुत्र कैलाश गुप्ता, निवासी बहादुरगढ़, झज्जर (हरियाणा)

  • ​विक्रम कुर्मी (60) पुत्र देवकरण कुर्मी, निवासी हड़ोरा, सुल्तानपुर (मध्य प्रदेश)

  • ​राहुल कश्यप (35) निवासी शास्त्री नगर, देहरादून (उत्तराखंड)

  • ​सुशील कुमार तिवारी (55) पुत्र अमरनाथ तिवारी, निवासी नंदप्रयाग, चमोली (उत्तराखंड)

​पीएम मोदी, मुख्यमंत्री धामी और राहुल गांधी ने जताया शोक, मुआवजे का घोषणा

इस भीषण सड़क हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की है। मुख्यमंत्री धामी ने घायलों के समुचित उपचार के निर्देश देने के साथ ही मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये, गंभीर रूप से घायलों को एक-एक लाख रुपये तथा सामान्य घायलों को 40-40 हजार रुपये की आर्थिक सहायता (मुआवजा) प्रदान करने की घोषणा की है।

You may have missed

Share