उत्तराखंड में आज इगास-बग्वाल (बूढ़ी दिवाली) की धूम, लोक संस्कृति के रंग में रंगा समूचा प्रदेश,,,,,

देहरादून, देवभूमि उत्तराखंड में आज पारंपरिक लोकपर्व इगास-बग्वाल यानी ‘बूढ़ी दिवाली’ बड़े ही हर्षोल्लास और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मनाई जा रही है। मुख्य दीपावली के ठीक 11 दिन बाद (कार्तिक शुक्ल एकादशी को) मनाए जाने वाले इस पर्व को लेकर गढ़वाल से लेकर कुमाऊं और राजधानी देहरादून से लेकर हरिद्वार तक जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है।
प्रमुख आकर्षण और परंपराएं
भैलो खेलने की परंपरा,शाम ढलते ही गांवों और शहरों में पारंपरिक वाद्ययंत्रों (ढोल-दमाऊं) की थाप पर लोग चीड़ की लकड़ी (छिलुक) से बने ‘भैलो’ को जलाकर घुमाते हुए लोक नृत्य और झुमैलो गीत गाएंगे।
पारंपरिक पकवानों की महक, घरों में सुबह से ही पहाड़ी व्यंजन जैसे स्वाले, पकोड़े, उड़द की दाल के बड़े और अरसे बनाए जा रहे हैं।
गौ-पूजन का महत्व, इस दिन पशुधन (गाय-बैल) की विशेष पूजा कर उन्हें पौष्टिक आहार (पिट्ठू) खिलाया जाता है और उनके सींगों पर तेल लगाकर तिलक किया जाता है।
पर्व का ऐतिहासिक महत्व
लोक मान्यताओं के अनुसार, भगवान श्रीराम के अयोध्या लौटने की सूचना उत्तराखंड के दुर्गम पहाड़ी क्षेत्रों में 11 दिन देरी से पहुंची थी, जिसके बाद यहां के लोगों ने अपनी खुशी जाहिर करते हुए दिवाली मनाई। एक अन्य प्रमुख मान्यता वीर भड़ माधो सिंह भंडारी से जुड़ी है, जो तिब्बत युद्ध में विजय प्राप्त कर दीपावली के 11 दिन बाद लौटे थे, जिनकी घर वापसी की खुशी में यह उत्सव मनाया गया था।
राज्य सरकार द्वारा इगास पर्व पर सार्वजनिक अवकाश घोषित किए जाने के बाद से इस लोकपर्व को और भी भव्य रूप से मनाया जा रहा है। प्रवासी उत्तराखंडी भी इस खास मौके पर अपने पैतृक गांवों में पहुंचकर अपनी जड़ों और संस्कृति से जुड़ रहे हैं।

More Stories
दून चिड़ियाघर में ‘तेजस’ की दहाड़, सीएम धामी ने किया सफेद बाघ के नए बाड़े का लोकार्पण ,,,,,,
कैंट विधानसभा क्षेत्र को 48 करोड़ से अधिक की सौगात, सीएम धामी ने किया 23 विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास,,,,,,
मुख्यमंत्री धामी ने परिवार संग की स्व-जनगणना, प्रदेशवासियों से की पोर्टल पर भागीदारी की अपील,,,,,,