उत्तराखंड के तीन दिवसीय प्रवास पर आज से संघ प्रमुख डॉ. मोहन भागवत, रुड़की और हरिद्वार में होंगे अहम कार्यक्रम,,,,,,,

देहरादून/हरिद्वार,राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के सरसंघचालक डॉ. मोहनराव भागवत आज शुक्रवार, 20 नवंबर से उत्तराखंड के तीन दिवसीय (20 से 22 नवंबर) प्रवास पर रहेंगे। प्रांत कार्यवाह दिनेश सेमवाल द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, इस दौरे के दौरान वे रुड़की और हरिद्वार में आयोजित विभिन्न संगठनात्मक बैठकों और आध्यात्मिक आयोजनों में हिस्सा लेंगे। उनके आगमन को लेकर स्थानीय स्तर पर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं
शताब्दी वर्ष के कार्यों की समीक्षा और नशामुक्ति पर मंथन
प्रवास के दौरान डॉ. भागवत रुड़की में संघ के क्षेत्रीय एवं प्रांतीय पदाधिकारियों तथा प्रमुख कार्यकर्ताओं के साथ संवाद करेंगे। इन बैठकों में संघ के शताब्दी वर्ष के अंतर्गत पूरे वर्ष चलाए गए विभिन्न कार्यक्रमों और सेवा गतिविधियों की गहन समीक्षा की जाएगी। इसके साथ ही समसामयिक राष्ट्रीय व सामाजिक विषयों तथा प्रदेश में चल रहे नशामुक्ति अभियानों को जन-सहभागिता के माध्यम से और अधिक प्रभावी बनाने की रणनीति तैयार की जाएगी।
‘पंच परिवर्तन’ के पांच आयामों पर विशेष चर्चा
संगठनात्मक संवाद में समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के उद्देश्य से संचालित किए जा रहे ‘पंच परिवर्तन’ अभियान पर विशेष रूप से मंथन होगा। डॉ. भागवत सामाजिक समरसता, पर्यावरण संरक्षण, कुटुंब प्रबोधन (पारिवारिक मूल्यों की मजबूती), ‘स्व’ का बोध (स्वदेशी) और नागरिक कर्तव्य जैसे पांच प्रमुख आयामों को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाने के लिए कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करेंगे।
गायत्री तीर्थ शांतिकुंज के शताब्दी समारोह में होंगे शामिल
इस दौरे के दौरान सरसंघचालक हरिद्वार स्थित गायत्री तीर्थ शांतिकुंज के भव्य शताब्दी समारोह में भी शामिल होंगे। आध्यात्म, शिक्षा, संस्कार और समाज सुधार के क्षेत्र में गायत्री परिवार के योगदान को देखते हुए इस आयोजन में उनकी उपस्थिति को बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। डॉ. भागवत के प्रवास को देखते हुए हरिद्वार और रुड़की में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।

More Stories
उत्तराखंड में आज इगास-बग्वाल (बूढ़ी दिवाली) की धूम, लोक संस्कृति के रंग में रंगा समूचा प्रदेश,,,,,
दून चिड़ियाघर में ‘तेजस’ की दहाड़, सीएम धामी ने किया सफेद बाघ के नए बाड़े का लोकार्पण ,,,,,,
कैंट विधानसभा क्षेत्र को 48 करोड़ से अधिक की सौगात, सीएम धामी ने किया 23 विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास,,,,,,