उत्तराखंड कांग्रेस विधायक हरीश धामी और जिलाध्यक्ष मनोहर टोलिया को हाई कोर्ट से बड़ी राहत, कोर्ट ने गिरफ्तारी पर लगाई रोक,,,

नैनीताल: उत्तराखंड हाई कोर्ट ने पिथौरागढ़ जिले के धारचूला विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस विधायक हरीश धामी और कांग्रेस जिलाध्यक्ष मनोहर टोलिया को बड़ी राहत देते हुए उनकी गिरफ्तारी पर रोक लगा दी है। न्यायमूर्ति पंकज पुरोहित की एकलपीठ ने दोनों नेताओं की ओर से दर्ज मुकदमे को निरस्त करने और गिरफ्तारी पर रोक लगाने संबंधी याचिका पर सुनवाई करते हुए यह आदेश पारित किया। अदालत ने सुप्रीम कोर्ट के ‘अरनेश कुमार बनाम बिहार राज्य’ मामले में दिए गए दिशानिर्देशों के अनुपालन का निर्देश देते हुए याचिका को निस्तारित कर दिया।
बिना नोटिस गिरफ्तारी पर याचिकाकर्ताओं ने जताई थी आपत्ति

सोमवार को एकलपीठ के समक्ष सुनवाई के दौरान याचिकाकर्ताओं के अधिवक्ता ने दलील दी कि पुलिस ने 15 नवंबर को विधायक हरीश धामी, जिलाध्यक्ष मनोहर टोलिया और कई अन्य लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। याचिकाकर्ताओं का पक्ष था कि पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 35 (पूर्व में सीआरपीसी 41-ए) के तहत नोटिस दिए बिना ही इस मामले में चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। उन्होंने आशंका जताई कि पुलिस उन्हें भी कभी भी गिरफ्तार कर सकती है।
याचिकाकर्ताओं ने तर्क दिया कि सुप्रीम कोर्ट ने ‘अरनेश कुमार’ मामले में स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जिन अपराधों में सात वर्ष से कम की सजा का प्रावधान है, उनमें गिरफ्तारी से पूर्व पुलिस को संबंधित व्यक्ति को धारा 35 का नोटिस देना अनिवार्य है। पुलिस द्वारा इस नियम का उल्लंघन किया जा रहा है, अतः मुकदमे को निरस्त कर गिरफ्तारी पर रोक लगाई जाए।
सरकार ने लगाए कार्यक्रम में व्यवधान और तोड़फोड़ के आरोप

दूसरी ओर, राज्य सरकार की ओर से याचिका का विरोध करते हुए कहा गया कि आरोपियों ने मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में व्यवधान उत्पन्न किया। इसके साथ ही कार्यक्रम स्थल पर पोडियम में तोड़फोड़ की गई और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाया गया, जो कि एक गंभीर मामला है।
दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद हाई कोर्ट ने स्पष्ट किया कि पुलिस इस मामले में सुप्रीम कोर्ट द्वारा ‘अरनेश कुमार बनाम बिहार राज्य’ में तय किए गए मानकों और प्रक्रिया का पालन सुनिश्चित करे, और इसी के साथ दोनों नेताओं की गिरफ्तारी पर रोक लगाते हुए याचिका का निस्तारण कर दिया।

More Stories
उत्तराखंड को मिलेगी डबल लेन सड़कों की बड़ी सौगात, बागेश्वर-कर्णप्रयाग व बंगापानी मार्गों की डीपीआर तैयार, वर्ष 2027-28 में मिलेगी स्वीकृति,,,
उत्तराखंड में दिसंबर की शुरुआत तक मौसम रहेगा शुष्क, पहाड़ों में कोहरे के साथ बढ़ेगी सुबह-शाम की ठंड,,,
उत्तराखंड हरिद्वार निर्मल अखाड़े और गुरुद्वारों में गूंजी गुरबाणी, धूमधाम से मनाया गया गुरु नानकदेव का 557वां प्रकाश पर्व,,,