October 22, 2026

उत्तराखंड अंकिता भंडारी हत्याकांड में उर्मिला सनावर को सीबीआई का नोटिस, शुक्रवार को होगा उर्मिला का नार्को टेस्ट,,,

उत्तराखंड अंकिता भंडारी हत्याकांड में उर्मिला सनावर को सीबीआई का नोटिस, शुक्रवार को होगा उर्मिला का नार्को टेस्ट,,,

​देहरादून/हरिद्वार: बहुचर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड की जांच कर रही केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) की टीम ने मामले में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए उर्मिला सनावर को नार्को टेस्ट के लिए नोटिस जारी किया है। सीबीआई की टीम ने बुधवार को उर्मिला सनावर के आवास पर पहुंचकर उन्हें नोटिस थमाया और शुक्रवार सुबह 10:30 बजे देहरादून स्थित कार्यालय में उपस्थित होने के निर्देश दिए।

​नोटिस मिलने के बाद उर्मिला सनावर ने मीडिया के समक्ष आकर कहा कि वे नार्को टेस्ट से कतई नहीं डरती हैं और इसके लिए उन्होंने अपनी पूर्ण सहमति दे दी है क्योंकि वे सच की लड़ाई लड़ रही हैं। हालांकि, उन्होंने सुरक्षा पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि यदि नार्को टेस्ट के दौरान या उसके बाद उनके साथ कोई अप्रिय घटना घटती है अथवा साक्ष्य मिटाने का प्रयास होता है, तो इसकी सीधी जिम्मेदारी सीबीआई और राज्य सरकार की होगी। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि पूर्व में उनसे एक सादे कागज पर हस्ताक्षर करवाए गए थे, जिसके चलते उन्हें जांच एजेंसी की कार्यप्रणाली पर संदेह हुआ था।

​उर्मिला सनावर ने आगे कहा कि उनके पास मौजूद ऑडियो और जानकारियों की जांच होनी चाहिए और वे इस मामले से जुड़े प्रभावशाली वीआईपी नामों का खुलासा करने से पीछे नहीं हटेंगी। उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि वे अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने के लिए पूरे उत्तराखंड की जनता के समर्थन से यह लड़ाई लड़ रही हैं।

Share