October 24, 2026

उत्तराखंड आईटी हब बनेगा देहरादून, अब स्थानीय युवाओं को नहीं करना पड़ेगा पलायन, युवाओं को मिलेंगे नए अवसर- केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद

उत्तराखंड आईटी हब बनेगा देहरादून, अब स्थानीय युवाओं को नहीं करना पड़ेगा पलायन, युवाओं को मिलेंगे नए अवसर- केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद

​देहरादून  केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिकी एवं सूचना प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री जितिन प्रसाद ने आईटी पार्क स्थित सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क्स ऑफ इंडिया (एसटीपीआई) के नए भवन का विधिवत लोकार्पण किया। इस अवसर पर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल और गणेश जोशी भी उपस्थित रहे।

​समारोह को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि देहरादून तेजी से आईटी हब के रूप में विकसित हो रहा है। इससे स्थानीय युवाओं को रोजगार के लिए बड़े शहरों या अन्य राज्यों में पलायन करने की आवश्यकता नहीं होगी। उन्होंने कहा कि कोविड काल में चिप संकट से मिले सबक के बाद देश अब हार्डवेयर निर्माण और साइबर सुरक्षा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। वैश्विक मांग को पूरा करने के लिए यूरोपीय यूनियन के साथ अहम समझौतों पर काम चल रहा है।

​केंद्रीय मंत्री ने यह भी बताया कि उधमसिंह नगर के काशीपुर में 136 एकड़ भूमि पर एक अत्याधुनिक इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर स्थापित किया जा रहा है। इस परियोजना में ₹700 करोड़ से अधिक का प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष निवेश आएगा, जिससे 10 हजार से अधिक युवाओं को रोजगार मिलेगा। वर्तमान में राज्य में 1,700 से अधिक स्टार्टअप्स सक्रिय हैं। एसटीपीआई में पंजीकृत 14 इकाइयों ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान ₹251.32 करोड़ मूल्य का सॉफ्टवेयर निर्यात किया है।

Share