October 30, 2026

उत्तराखंड उर्मिला सनावर की जमानत याचिका पर सुनवाई टली, कोर्ट ने तय की 31 अक्टूबर की तारीख,,,

उत्तराखंड उर्मिला सनावर की जमानत याचिका पर सुनवाई टली, कोर्ट ने तय की 31 अक्टूबर की तारीख,,,

​हरिद्वार। रंगदारी और जान से मारने की धमकी देने के गंभीर आरोपों में घिरीं अभिनेत्री उर्मिला सनावर को फिलहाल कोर्ट से कोई राहत नहीं मिल सकी है। बृहस्पतिवार को न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में उनकी जमानत अर्जी पर सुनवाई होनी थी, लेकिन पुलिस द्वारा मामले से संबंधित जांच आख्या (रिपोर्ट) पेश करने के लिए समय मांगे जाने के कारण सुनवाई टाल दी गई। अब अदालत इस मामले में 31 अक्टूबर को सुनवाई करेगी।

​गौरतलब है कि ज्वालापुर के पूर्व विधायक सुरेश राठौर की पुत्री दीपिका राठौर ने 24 अक्टूबर को रानीपुर कोतवाली में अभिनेत्री उर्मिला सनावर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि अभिनेत्री ने पांच करोड़ रुपये की फिरौती मांगी और धमकियां दीं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने 25 अक्टूबर को उर्मिला सनावर को उनके सहारनपुर स्थित आवास से गिरफ्तार कर लिया था। गिरफ्तारी के उपरांत उन्हें अदालत में पेश किया गया, जहाँ से कोर्ट ने उन्हें 14 दिनों की न्यायिक हिरासत के तहत रोशनाबाद जिला कारागार भेज दिया।

​अभियोजक धर्मेंद्र आर्य के अनुसार, रानीपुर कोतवाली पुलिस द्वारा जांच आख्या दाखिल करने हेतु अतिरिक्त समय की मांग की गई, जिसे स्वीकार करते हुए अदालत ने जमानत अर्जी पर सुनवाई के लिए 31 अक्टूबर की तिथि नियत की है। ऐसे में अभिनेत्री की रिहाई पर फैसला अब शनिवार को होने वाली अगली सुनवाई के बाद ही हो सकेगा।

Share