August 18, 2026

उत्तराखंड ऋषिकेश में मूसलाधार बारिश का कहर, नदी के तेज बहाव में बही गाड़ी, SDRF की तत्परता से टला बड़ा हादसा,,,

उत्तराखंड ऋषिकेश में मूसलाधार बारिश का कहर, नदी के तेज बहाव में बही गाड़ी, SDRF की तत्परता से टला बड़ा हादसा,,,

ऋषिकेश। उत्तराखंड में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के चलते नदी-नाले उफान पर हैं। इस बीच ऋषिकेश क्षेत्र से एक रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ बीन नदी के तेज बहाव में एक मैक्स वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे के दौरान वाहन में दो लोग फंस गए। सूचना पर पहुँची SDRF की टीम ने रात के अंधेरे और उफनती नदी के बीच करीब एक घंटे का बेहद चुनौतीपूर्ण रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर दोनों लोगों की जान बचा ली।

🔴 रात 9:22 बजे मिली सूचना, एक्शन में आई SDRF

पशुलोक बैराज पुलिस चौकी से SDRF को रात करीब 9:22 बजे बीन नदी में वाहन पलटने और लोगों के फंसे होने की सूचना मिली। खबर मिलते ही ढालवाला पोस्ट से अपर उप निरीक्षक महावीर चौहान के नेतृत्व में रेस्क्यू टीम तुरंत मौके पर पहुँची और बिना समय गंवाए राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

🔴 तेज बहाव में खिसका वाहन, बुलाई गई अतिरिक्त टीम

नदी का जलस्तर और बहाव बेहद तेज होने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन काफी जोखिम भरा था। SDRF जवानों ने कड़ी मशक्कत के बाद एक व्यक्ति को तो सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन दूसरा व्यक्ति गाड़ी के भीतर ही फंसा रहा। इसी बीच पानी के प्रचंड दबाव के कारण मैक्स वाहन अपनी जगह से खिसककर बहने लगा।

​स्थिति की गंभीरता को देखते हुए निरीक्षक कविंद्र सजवान के नेतृत्व में SDRF की दूसरी टीम को बैकअप के लिए बुलाया गया। दोनों टीमों ने आपसी समन्वय, सूझबूझ और साहस का परिचय देते हुए रात के अंधेरे में उफनती नदी के बीच फंसे दूसरे व्यक्ति को भी सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

🔴 अस्पताल भेजे गए दोनों लोग, टला बड़ा हादसा

रेस्क्यू किए गए दोनों व्यक्तियों को तुरंत प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया है। SDRF जवानों की त्वरित कार्रवाई, साहस और मुस्तैदी के चलते एक बड़ा हादसा होने से टल गया।

🔴 मौसम विभाग का अलर्ट, सतर्क रहने की अपील

प्रदेश भर में बारिश का दौर जारी है। मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून ने आज भी क्षेत्र में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग ने आम जनता व यात्रियों से उफनते नदी-नालों और बरसाती गदेरों के पास न जाने तथा अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।

You may have missed

Share