October 10, 2026

उत्तराखंड के हल्द्वानी में दूषित पानी पीने से बीएससी छात्रा की पीलिया से मौत, दो बच्चे भी चपेट में; जल संस्थान व स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप,,,

उत्तराखंड के हल्द्वानी में दूषित पानी पीने से बीएससी छात्रा की पीलिया से मौत, दो बच्चे भी चपेट में; जल संस्थान व स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप,,,

​हल्द्वानी। नवाबी रोड स्थित वार्ड संख्या नौ की दुर्गा कालोनी में दूषित पेयजल आपूर्ति ने एक छात्रा की जान ले ली, जबकि दो अन्य बच्चे भी पीलिया की चपेट में आ गए हैं। छात्रा की बरेली के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत की सूचना मिलते ही गुरुवार को जल संस्थान और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में दोनों विभागों की टीमों ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल शुरू की और पानी के सैंपल एकत्र किए।

​दुर्गा कालोनी में अपनी बुआ के घर रहकर पढ़ाई कर रही मूल रूप से गंगोलीहाट निवासी सुहानी पंत, महिला महाविद्यालय में बीएससी द्वितीय वर्ष की छात्रा थी। कुछ दिन पूर्व तबीयत बिगड़ने पर निजी लैब में जांच कराई गई, जहां उसे पीलिया होने की पुष्टि हुई। स्वास्थ्य में सुधार न होने पर परिजनों ने उसे बरेली स्थित राममूर्ति अस्पताल में भर्ती कराया। तीन दिनों तक वेंटिलेटर पर संघर्ष करने के बाद छात्रा ने दम तोड़ दिया। मृतका के परिजन शव को अंतिम संस्कार के लिए पैतृक गांव गंगोलीहाट ले गए हैं। परिजनों का आरोप है कि घर में लंबे समय से आ रहे गंदे पानी के सेवन से सुहानी बीमार पड़ी थी।

​🔴 कालोनी में दो अन्य बच्चे भी बीमार

छात्रा की मौत के अलावा कालोनी में दो अन्य बच्चे भी पीलिया से ग्रसित पाए गए हैं। स्थानीय निवासी राजेश कटारिया के बेटे का बेस अस्पताल में उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है, जबकि आशीष रौतेला को अपने बेटे के इलाज के लिए दिल्ली जाना पड़ा।

​🔴 जल संस्थान ने रोकी पेयजल आपूर्ति, लिए सैंपल

घटना की गंभीरता को देखते हुए जल संस्थान के अधिशासी अभियंता (ईई) आरएस लोशाली, सहायक अभियंता रविंद्र कुमार और कनिष्ठ अभियंता दीपक शर्मा के साथ मौके पर पहुंचे। टीम ने क्षेत्र से पेयजल के नमूने एकत्र कर फिलहाल आपूर्ति रोक दी है। ईई आरएस लोशाली ने बताया कि बुधवार रात शिकायत मिलने पर गुरुवार को भौतिक निरीक्षण किया गया, जिसमें प्रथम दृष्टया पानी में संदूषण नहीं दिखा है, हालांकि बैक्टीरिया की विस्तृत जांच के लिए सैंपल लैब भेजे गए हैं।

​🔴 स्वास्थ्य विभाग ने किया घर-घर सर्वे, 31 लोगों की जांच

प्रभारी चिकित्सा अधिकारी (हल्द्वानी ब्लाक) डॉ. ममता सिंह के नेतृत्व में एएनएम और आशा कार्यकर्ताओं की टीम ने दुर्गा कालोनी में घर-घर सर्वेक्षण किया। अभियान के दौरान 31 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। स्वास्थ्य विभाग द्वारा मौके पर की गई क्लोरीनेशन जांच में प्राथमिक परिणाम सामान्य मिले, जबकि तीन सैंपल विस्तृत जांच के लिए सुशीला तिवारी अस्पताल भेजे गए हैं।

​जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. मनोज कांडपाल ने बताया कि जलजनित एवं वेक्टर जनित रोगों की निरंतर निगरानी की जा रही है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि किसी भी संक्रामक बीमारी के लक्षण दिखने पर मोबाइल नंबर 9410119773 पर तत्काल संपर्क करें।

​🔴 एक महीने से गंदे पानी की आपूर्ति से आक्रोशित हैं स्थानीय निवासी

लगभग 120 की आबादी वाली दुर्गा कालोनी के निवासियों का कहना है कि सुबह नलकूप से आपूर्ति शुरू होते ही शुरुआती 10 से 15 मिनट तक बदबूदार व गंदा पानी आता है। स्थानीय निवासी बीएस बिष्ट और गंगा पांडे ने बताया कि वे करीब एक महीने से पानी उबालकर पीने को मजबूर हैं और संक्रमण का भय बना हुआ है। क्षेत्रीय पार्षद राजेंद्र जीना ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में दूषित पानी की शिकायत संबंधित विभाग से पहले भी की गई थी, लेकिन समय पर समाधान न होने से यह दुखद घटना घटित हुई।

You may have missed

Share