October 24, 2026

​उत्तराखंड कोर्ट में अभिनेत्री उर्मिला बोली “मीडिया के कैमरों के सामने हो नार्को और पॉलीग्राफ टेस्ट, खुलेंगे हत्याकांड के कई राज” 

​उत्तराखंड कोर्ट में अभिनेत्री उर्मिला बोली “मीडिया के कैमरों के सामने हो नार्को और पॉलीग्राफ टेस्ट, खुलेंगे हत्याकांड के कई राज” 

​देहरादून। अंकिता भंडारी हत्याकांड में कथित वीआईपी की भूमिका से जुड़े ऑडियो-वीडियो विवाद के बीच अभिनेत्री उर्मिला सनावर शुक्रवार को अदालत में पेश हुईं। कोर्ट परिसर में मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि वह नार्को और लाई डिटेक्टर (पॉलीग्राफ) टेस्ट कराने के लिए पूरी तरह तैयार हैं, लेकिन उनकी शर्त है कि यह पूरी प्रक्रिया मीडिया के कैमरों के सामने पारदर्शी तरीके से कराई जाए।

​उर्मिला सनावर ने दावा किया कि निष्पक्ष जांच होने पर अंकिता भंडारी प्रकरण के साथ-साथ नीलम हत्याकांड और अंकित हत्याकांड से जुड़े कई अहम राज भी सामने आएंगे। उन्होंने पूर्व विधायक सुरेश राठौर पर कई गंभीर आरोप लगाते हुए अपने घर में कथित चोरी और लैपटॉप ले जाने की बात कही।

​वहीं दूसरी ओर, पूर्व विधायक सुरेश राठौर ने भी नार्को टेस्ट कराने पर अपनी सहमति जताई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे सीबीआई जांच में पूरा सहयोग कर रहे हैं और उन पर किसी का कोई दबाव नहीं है। दोनों पक्षों की सहमति के बाद अब कानूनी औपचारिकताओं की प्रक्रिया चल रही है। मामले में दोनों पक्षों को आगामी 26 अक्टूबर को दोबारा अदालत में पेश होना है।

Share