August 12, 2026

उत्तराखंड कोल्ड डे और घने कोहरे से जनजीवन प्रभावित, बर्फबारी न होने से पर्यटक मायूस,,,

उत्तराखंड कोल्ड डे और घने कोहरे से जनजीवन प्रभावित, बर्फबारी न होने से पर्यटक मायूस,,,


देहरादून: उत्तराखंड में जारी सूखी सर्दी ने आम जनजीवन की परेशानियां बढ़ा दी हैं। मैदानी इलाकों में कोल्ड डे और घने कोहरे के कारण ठंड का असर तेज हो गया है, वहीं पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी न होने से ईयर एंड और नए साल का जश्न मनाने पहुंचे पर्यटक मायूस नजर आ रहे हैं।
प्रदेश में लगातार शुष्क मौसम बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार, आगामी तीन दिनों तक मौसम शुष्क रहेगा। हालांकि मैदानी क्षेत्रों में मध्यम से घना कोहरा छाने की संभावना बनी हुई है। इसे देखते हुए शीत दिवस को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। उधम सिंह नगर, हरिद्वार और देहरादून जिलों में सुबह के समय घना कोहरा छाने से ठंड और अधिक बढ़ गई है। सुबह और शाम कड़ाके की ठंड पड़ रही है, जबकि दिन में धूप निकलने से लोगों को कुछ राहत मिल रही है।
पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम साफ, तापमान सामान्य से अधिक
पर्वतीय इलाकों में मौसम साफ बना हुआ है और चटख धूप निकलने से तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया जा रहा है। शुक्रवार को देहरादून का अधिकतम तापमान 21.9 और न्यूनतम 8.2 डिग्री सेल्सियस रहा। उधम सिंह नगर में अधिकतम तापमान 20.2 और न्यूनतम 8.0 डिग्री, मुक्तेश्वर में अधिकतम 15.6 और न्यूनतम 5.4 डिग्री, जबकि नई टिहरी में अधिकतम 14.2 और न्यूनतम तापमान 4.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

🔴पर्यटन स्थलों पर बढ़ी भीड़, बर्फबारी का इंतजार🔴
नए साल और वीकेंड की छुट्टियों के चलते पर्वतीय पर्यटन स्थलों पर पर्यटकों की भीड़ उमड़ने लगी है। हालांकि अब तक पहाड़ों में बर्फबारी नहीं हुई है, फिर भी बर्फ देखने की उम्मीद में बड़ी संख्या में पर्यटक औली पहुंच रहे हैं। भारी भीड़ के चलते कई स्थानों पर जाम की स्थिति बन गई, जिससे पर्यटकों को अपने वाहन सड़कों के किनारे पार्क करने पड़े।
मसूरी, चोपता, धनोल्टी, टिहरी झील, कनातल, नाग टिब्बा, चकराता, लैंसडाउन, रैथल और दयारा बुग्याल जैसे पर्यटन स्थलों पर भी पर्यटकों का जमावड़ा लगा हुआ है। नए साल के जश्न को लेकर होटलों की बुकिंग 80 से 90 प्रतिशत तक पहुंच चुकी है।

🔴मौसम विभाग की चेतावनी🔴
मौसम विज्ञान केंद्र ने अगले तीन दिनों तक प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की संभावना जताई है। मैदानी क्षेत्रों में घना कोहरा छाने से दृश्यता कम हो सकती है, जिससे सड़क यातायात और हवाई सेवाएं प्रभावित होने की आशंका है। प्रशासन ने लोगों से सतर्कता बरतने और आवश्यक सावधानियां अपनाने की अपील की है।

You may have missed

Share