उत्तराखंड चुनावी मोड में उत्तराखंड कांग्रेस, अगले 10 दिनों में 8 विधानसभा सीटों पर कार्यक्रम, 13 दिसंबर को देहरादून में बड़ा अधिवेशन,,,

देहरादून। आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों को धार देते हुए उत्तराखंड कांग्रेस ने प्रदेश भर में अपनी राजनीतिक गतिविधियां तेज करने की रणनीति तैयार कर ली है। इसके तहत पार्टी अगले दस दिनों में राज्य की सात से आठ प्रमुख विधानसभा सीटों पर क्रमिक रूप से कार्यक्रम आयोजित करेगी। पहले चरण की समाप्ति के बाद अगले दस दिनों में अन्य आठ विधानसभा सीटों का चयन कर वहां अभियान चलाया जाएगा।
अलग-अलग नेताओं को सौंपी गई कमान
उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने बताया कि पहले चरण के कार्यक्रमों के लिए काशीपुर, सितारगंज, चौबट्टाखाल, लक्सर और सोमेश्वर सहित कुल आठ विधानसभा क्षेत्रों को चिह्नित किया गया है, जिनकी आधिकारिक सूचना जारी की जा रही है। पार्टी की रणनीति के अनुसार, इन सीटों पर एक ही दिन सभी नेताओं को उतारने के बजाय अलग-अलग दिनों में विभिन्न वरिष्ठ नेताओं के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि जमीनी स्तर पर संगठन को अधिक मजबूती मिल सके।
13 दिसंबर को प्रदेश स्तरीय अधिवेशन और विजय दिवस पर विशेष आयोजन
संगठन को एकजुट करने के उद्देश्य से आगामी 13 दिसंबर को देहरादून में कांग्रेस का एक बड़ा अधिवेशन आयोजित किया जाएगा। इसमें प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों के साथ-साथ सभी जिला और ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों के सदस्य शामिल होंगे। इसके अतिरिक्त, पार्टी ने ‘विजय दिवस’ के अवसर पर पूर्व सैनिकों के सम्मान में एक विशेष कार्यक्रम आयोजित करने की भी योजना बनाई है। यह कार्यक्रम देहरादून या कोटद्वार में से किसी एक स्थान पर आयोजित होगा, जिस पर अंतिम निर्णय जल्द लिया जाएगा।
भाजपा की जन आशीर्वाद यात्रा पर साधा निशाना
आगामी कार्यक्रमों की जानकारी देने के साथ ही गणेश गोदियाल ने सत्ताधारी भाजपा की ‘जन आशीर्वाद यात्रा’ पर भी तीखा कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि भाजपा जिन क्षेत्रों में यात्रा लेकर जाएगी, वहां की जनता खुद तय करेगी और बताएगी कि उन्हें आशीर्वाद मिलता है या कुछ और, तथा वे वास्तव में किस चीज के हकदार हैं। गोदियाल ने स्पष्ट किया कि आने वाले दिनों में कांग्रेस की राजनीतिक सक्रियता और बढ़ेगी और कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा जल्द ही सार्वजनिक की जाएगी।

More Stories
उत्तराखंड में विकास कार्यों को मिलेगी रफ्तार, सीएम धामी ने सड़कों, मंदिरों के सौंदर्यीकरण और हेलीपैड निर्माण सहित करोड़ों की योजनाओं को दी मंजूरी,,,
उत्तराखंड में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 5 IAS समेत 10 अधिकारियों के तबादले; नैनीताल और अल्मोड़ा के डीएम बदले,,,
उत्तराखंड सौंग और जमरानी बांध परियोजनाओं की निगरानी होगी सख्त, मुख्य सचिव ने तय की डेडलाइन; तैनात होंगे डेडिकेटेड प्रोजेक्ट मैनेजर,,,