October 25, 2026

उत्तराखंड जनसमस्याओं का त्वरित व पारदर्शी समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता- पुष्कर सिंह धामी (मुख्यमंत्री)

उत्तराखंड जनसमस्याओं का त्वरित व पारदर्शी समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता- पुष्कर सिंह धामी (मुख्यमंत्री)

​खटीमा। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को खटीमा प्रवास के दौरान अपने निजी आवास नगला तराई एवं लोहियाहेड हेलीपैड पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और आमजन से भेंट कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनता की शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित, पारदर्शी और प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

​मुख्यमंत्री ने कहा कि आमजन की समस्याओं का समयबद्ध समाधान राज्य सरकार की कार्यप्रणाली के केंद्र में है। आम नागरिकों को अपने जायज कार्यों के लिए सरकारी कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर न काटने पड़ें, इसके लिए अधिकारियों को पूरी संवेदनशीलता और तत्परता के साथ दायित्वों का निर्वहन करना होगा।

​🟢 सरलीकरण, समाधान और संतुष्टि पर सरकार का जोर

प्रशासनिक कार्यप्रणाली को लेकर मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार ‘सरलीकरण, समाधान और संतुष्टि’ के मूल मंत्र पर काम कर रही है। शासन और प्रशासन की जवाबदेही तय करने के साथ ही हर नागरिक को उसकी समस्या का संतोषजनक समाधान देना सरकार का लक्ष्य है।

​मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री ने जनप्रतिनिधियों के साथ क्षेत्र में गतिमान विकास योजनाओं और स्थानीय जन-आवश्यकताओं पर भी विचार-विमर्श किया। उन्होंने दोहराया कि सरकार जन-अपेक्षाओं के अनुरूप विकास को गति देने और बुनियादी नागरिक सुविधाओं को मजबूत करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

​🟢 वरिष्ठ जनप्रतिनिधि व अधिकारी रहे मौजूद

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, दर्जा राज्यमंत्री कैप्टन (सेनि.) गंभीर सिंह धामी, सुरेश कोली व रणजीत सिंह नामधारी, पूर्व विधायक डॉ. प्रेम सिंह राणा, नगर पालिका परिषद खटीमा के अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, सतीश भट्ट, रनदीप पोखरिया, वरुण अग्रवाल, अमित पांडे और भवानी भंडारी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। प्रशासनिक स्तर से जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, पुलिस अधीक्षक (अपराध) अनुषा बडोला तथा अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Share