उत्तराखंड, दुष्यंत गौतम की नियुक्ति के विरोध में इंडिया गेट पर प्रदर्शन करते अंकिता भंडारी के माता-पिता को पुलिस ने हिरासत में लेने के बाद किया रिहा, दुखी माता पिता ने केंद्र को दिया 24 घंटे का अल्टीमेटम,,,

नई दिल्ली। उत्तराखंड के बहुचर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड में न्याय की मांग को लेकर संघर्ष कर रहे अंकिता के माता-पिता को दिल्ली पुलिस ने इंडिया गेट से हिरासत में ले लिया। हालांकि, कुछ समय बाद उन्हें रिहा कर दिया गया। अंकिता के माता-पिता सिक्किम के नए राज्यपाल के रूप में दुष्यंत कुमार गौतम की नियुक्ति के विरोध में इंडिया गेट के पास शांतिपूर्ण धरना दे रहे थे।
सुबह 5 बजे पुलिस की कार्रवाई, कांग्रेस नेता भी हिरासत में

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब पांच बजे पुलिस ने इंडिया गेट पर धरना दे रहे अंकिता के माता-पिता को हिरासत में ले लिया। उनके साथ समर्थन में मौजूद कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेताओं को भी पुलिस ने हिरासत में लिया। कुछ घंटों की प्रक्रिया के उपरांत सभी को रिहा कर दिया गया।
केंद्र सरकार को 24 घंटे का अल्टीमेटम, देशव्यापी आंदोलन की चेतावनी

हिरासत से छूटने के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए अंकिता के पिता ने केंद्र सरकार से दुष्यंत कुमार गौतम की नियुक्ति को तत्काल प्रभाव से रद्द करने की मांग की। उन्होंने सरकार को चेतावनी देते हुए 24 घंटे की समयसीमा दी है।
अंकिता के पिता ने कहा, “हम सरकार को दुष्यंत कुमार गौतम की नियुक्ति रद्द करने के लिए 24 घंटे का वक्त देते हैं। यदि हमारी मांग नहीं मानी गई, तो पूरे देश में व्यापक स्तर पर विरोध प्रदर्शन शुरू किए जाएंगे। जब तक सीबीआई जांच पूरी नहीं हो जाती, तब तक उनकी नियुक्ति पर पूर्ण रोक लगनी चाहिए।“
आरोपों की पृष्ठभूमि

अंकिता के परिजनों का सीधा आरोप है कि उनकी बेटी की हत्या के मामले में दुष्यंत कुमार गौतम की अहम भूमिका रही है। गौरतलब है कि सितंबर 2022 में जब अंकिता भंडारी की हत्या हुई थी, उस समय गौतम भारतीय जनता पार्टी की उत्तराखंड इकाई के प्रभारी थे। इसी सप्ताह सोमवार को केंद्र सरकार द्वारा उन्हें सिक्किम का राज्यपाल नियुक्त किया गया था, जिसका परिजन पुरजोर विरोध कर रहे हैं।

More Stories
‘दुष्यंत गौतम दुष्यंत गौतम को राज्यपाल बनाना उत्तराखंड के स्वाभिमान पर चोट, राज्यपाल नियुक्ति के विरोध में एकजुट हुई कांग्रेस ‘उत्तराखंड बंद’ का किया ऐलान,,,
उत्तराखंड अंकिता भंडारी प्रकरण पर गरमाई सियासत, राज्यपाल नियुक्ति और माता-पिता को हिरासत में लेने पर कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन, भाजपा ने साधा निशाना,,,,
आज का भविष्यफल – क्या कहते हैं आपकी किस्मत के सितारे दिन शुक्रवार दिनांक 16/10/2026