उत्तराखंड पंतनगर कैंपस के कक्षा 6 के छात्र व्योम केसरवानी को मिला पेटेंट, बाएं हाथ के विद्यार्थियों के लिए बनाई विशेष कुर्सी,,,

पंतनगर। पंतनगर कैंपस स्कूल के कक्षा छह के छात्र व्योम केसरवानी ने अपनी अभिनव सोच और वैज्ञानिक दृष्टिकोण का परिचय देते हुए एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। बाएं हाथ से लिखने वाले विद्यार्थियों की विशेष सुविधा के लिए तैयार की गई इस अभिनव कुर्सी के डिजाइन को भारत सरकार की ओर से पेटेंट प्राप्त हो गया है। कम उम्र में मिली इस सफलता से विद्यालय एवं पूरे विश्वविद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है।
पारिवारिक प्रेरणा और समस्या का समाधान
सामान्यतः विद्यालयों में उपलब्ध राइटिंग चेयर केवल दाएं हाथ के विद्यार्थियों को ध्यान में रखकर बनाई जाती हैं, जिससे बाएं हाथ से लिखने वाले विद्यार्थियों को बैठने और लिखने में खासी असुविधा होती है। व्योम के पिता डॉ. अमित केसरवानी भी बाएं हाथ से लिखते हैं और उनके नाम पहले से ही तीन पेटेंट दर्ज हैं। पिता के इसी दैनिक अनुभव से प्रेरित होकर व्योम के मन में एक साल पहले यह विचार आया था। करीब पांच-छह महीने पहले उन्होंने इस पर काम करना शुरू किया और पिता के मार्गदर्शन से डिजाइन को अंतिम रूप दिया।
कुछ ही क्षणों में हो जाती है समायोजित

व्योम द्वारा डिजाइन की गई इस विशेष कुर्सी की सबसे बड़ी खूबी यह है कि इसे कुछ ही क्षणों में आसानी से समायोजित (एडजस्ट) किया जा सकता है, जिससे यह बाएं या दाएं हाथ दोनों तरह से लिखने वाले विद्यार्थियों के लिए पूरी तरह अनुकूल हो जाती है।
व्यावसायिक स्तर पर लाने की तैयारी
अब व्योम और उनके परिवार इस डिजाइन का प्रोटोटाइप तैयार कर इसे व्यावसायिक स्तर पर उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य कर रहे हैं। इसके लिए उन्होंने विद्यालय और जिला प्रशासन से सहयोग की अपेक्षा जताई है। स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह के दौरान विश्वविद्यालय के कुलसचिव, कैंपस स्कूल समिति के अध्यक्ष और प्रधानाचार्य सहित अन्य गणमान्य अतिथियों ने व्योम को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

More Stories
उत्तराखंड में उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णनन पहुंचे मसूरी, यहां 2024 बैच के IAS आईएएस अफसरों को करेंगे संबोधित,,,,
उत्तराखंड में SIR प्रक्रिया पर हुआ विवाद, कांग्रेस पदाधिकारियों ने देहरादून निर्वाचन आयोग के बाहर किया जोरदार धरना प्रदर्शन,,,
उत्तराखंड पंतनगर कैंपस के कक्षा 6 के छात्र व्योम केसरवानी को मिला पेटेंट, बाएं हाथ के विद्यार्थियों के लिए बनाई विशेष कुर्सी,,,