October 27, 2026

उत्तराखंड बागेश्वर फर्जी टीईटी अंकतालिका पर शिक्षिका बनी बबीता पर गिरी गाज, बर्खास्तगी तय, जिले में फर्जी शिक्षकों की संख्या बढ़कर हुई  11,,,,,

उत्तराखंड बागेश्वर फर्जी टीईटी अंकतालिका पर शिक्षिका बनी बबीता पर गिरी गाज, बर्खास्तगी तय, जिले में फर्जी शिक्षकों की संख्या बढ़कर हुई  11,,,,,

 

​बागेश्वर।  जनपद के प्राथमिक विद्यालयों में जाली और फर्जी दस्तावेजों के सहारे शिक्षक की नौकरी हथियाने वालों के खिलाफ विभाग का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद, रामनगर की विस्तृत जांच रिपोर्ट में राजकीय प्राथमिक विद्यालय क्वाड़ी (गरुड़) में तैनात सहायक अध्यापिका बबीता का अध्यापक पात्रता परीक्षा (टीईटी) प्रमाणपत्र पूरी तरह कूटरचित और फर्जी पाया गया है। बोर्ड की जांच में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि बबीता के अंकपत्र पर दर्ज अनुक्रमांक वास्तव में किसी अन्य मूल अभ्यर्थी के नाम पर आवंटित था।

​अभिलेखों के सत्यापन में फर्जीवाड़ा उजागर होने के बाद शिक्षा विभाग ने कड़ी कार्रवाई की तैयारी पूरी कर ली है। इसी वर्ष जनवरी माह में नियुक्त हुई उक्त शिक्षिका की सेवाएं नियम सम्मत प्रक्रिया के तहत समाप्त करने के आदेश जारी किए जा रहे हैं। विभागीय अधिकारियों के अनुसार, फर्जी अभिलेख लगाकर सरकारी पद हथियाने के इस कृत्य को गंभीर अपराध मानते हुए बर्खास्तगी के साथ-साथ कानूनी कदम भी उठाए जाएंगे।

​गौरतलब है कि जनपद बागेश्वर के विभिन्न प्राथमिक विद्यालयों में फर्जी प्रमाणपत्रों के आधार पर नियुक्ति पाने का यह पहला मामला नहीं है। दस्तावेजों के सघन सत्यापन अभियान के दौरान इससे पूर्व भी 10 ऐसे फर्जी शिक्षकों की सेवाएं समाप्त की जा चुकी हैं। बबीता के मामले में पुष्टि होने के बाद जिले में बर्खास्त होने वाले फर्जी शिक्षकों का कुल आंकड़ा अब बढ़कर 11 पहुंच गया है, जिससे फर्जीवाड़े से जुड़े अन्य कर्मियों में भी हड़कंप मचा हुआ है।

You may have missed

Share