September 22, 2026

उत्तराखंड मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जनसमस्याएं सुन अधिकारियों को दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश,,,

उत्तराखंड मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जनसमस्याएं सुन अधिकारियों को दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश,,,

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान सड़क, पेयजल, विद्युत, स्वास्थ्य, शिक्षा, राजस्व, पेंशन, रोजगार और आर्थिक सहायता से जुड़े विभिन्न व्यक्तिगत एवं क्षेत्रीय प्रकरण सामने आए, जिन्हें मुख्यमंत्री ने अत्यंत गंभीरता के साथ सुना।

🟢 अधिकारियों को त्वरित और प्रभावी निस्तारण के निर्देश

​मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि जन समस्याओं का त्वरित, प्रभावी और समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन समस्याओं का समाधान जिला अथवा विभागीय स्तर पर हो सकता है, उन्हें अनावश्यक रूप से शासन स्तर पर लंबित न रखा जाए। आमजन को अपने कार्यों के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न काटने पड़ें, इसके लिए कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी और पारदर्शी बनाया जाए।

🟢 जनकल्याणकारी योजनाओं और अभियानों पर जोर

​मुख्यमंत्री ने कहा कि जन शिकायतों का समाधान राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है। इसके लिए सीएम हेल्पलाइन-1905, जनसुनवाई और ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ जैसे कार्यक्रमों को प्रभावी बनाया जा रहा है। इसके साथ ही प्रदेश में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ संचालित किया जा रहा है, जिसके अंतर्गत आयोजित होने वाले स्वास्थ्य एवं बहुउद्देशीय शिविरों के माध्यम से केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं को आमजन तक पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने निर्देश दिए कि शिकायतों का समाधान केवल कागजी औपचारिकता तक सीमित न रहे, बल्कि धरातल पर वास्तविक राहत मिलनी चाहिए।

🟢 अंतरराष्ट्रीय ताइक्वांडो चैंपियनशिप के विजेताओं से भेंट

​इस अवसर पर मुख्यमंत्री से ‘9वीं हीरोज अंतरराष्ट्रीय ताइक्वांडो चैंपियनशिप-2026’ (पटाया, थाईलैंड) में पदक जीतने वाले उत्तराखण्ड के प्रतिभावान खिलाड़ियों ने भेंट की। प्रतियोगिता में मन्नू सोनकर, शिवानी दाबसा, मोहम्मद जकी और मुकुल ने स्वर्ण पदक, जबकि मेघा शर्मा और धनंजय धारीवाल ने कांस्य पदक प्राप्त किया है। मुख्यमंत्री ने सभी पदक विजेता खिलाड़ियों को उनकी शानदार उपलब्धि पर हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की, इस दौरान प्रमुख सचिव आर. के. सुधांशु, जिलाधिकारी देहरादून डॉ. आशीष चौहान सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Share