उत्तराखंड में देहरादून-हरिद्वार हाईवे होगा अब और भी सुरक्षित और जाममुक्त, ₹320 करोड़ की लागत से बनेगा एलिवेटेड मार्ग, सुधरेंगे जंक्शन,,,,

देहरादून। दून और हरिद्वार के बीच सफर करने वाले दैनिक यात्रियों और पर्यटकों के लिए राहत भरी खबर है। दोनों प्रमुख शहरों के बीच राष्ट्रीय राजमार्ग पर आवागमन को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनाने की दिशा में काम तेज हो गया है। करीब 36 किलोमीटर लंबे इस मार्ग पर ब्लैक स्पॉट सुधारने, यातायात दबाव कम करने और सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के लिए लगभग 320 करोड़ रुपये की निविदा जारी की गई है। निर्धारित योजना के अनुसार, इस पूरी परियोजना को अगले दो वर्षों में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
मियांवाला-नकरौंदा के बीच 2.5 किमी लंबा एलिवेटेड मार्ग

परियोजना के प्रमुख घटकों में मियांवाला से नकरौंदा के बीच करीब 2.5 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड कॉरिडोर शामिल है। इसके अलावा, राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे सर्विस रोड का निर्माण किया जाएगा, जिससे स्थानीय वाहनों की आवाजाही मुख्य हाईवे के ट्रैफिक से अलग हो सके। इन ढांचागत सुधारों से दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में सुरक्षा बेहतर होगी और दोनों शहरों के बीच यात्रा समय में भी कमी आएगी।
माजरी, डेंटल कॉलेज और रायवाला में विकसित होंगे जंक्शन
यातायात को व्यवस्थित करने के लिए कई व्यस्त और संवेदनशील स्थानों पर नए जंक्शन बनाए जाएंगे। सड़क सुरक्षा और ढांचागत सुधार के ये कार्य माजरी, डेंटल कॉलेज और रायवाला के आसपास से लेकर हरिद्वार तक चिन्हित विभिन्न हिस्सों में किए जाएंगे। यहां यातायात के भारी दबाव और सड़क की मौजूदा भौगोलिक स्थिति को देखते हुए वैज्ञानिक तरीके से डिजाइन तैयार कर सुधार कार्य किए जाने हैं।
यूटिलिटी शिफ्टिंग के बाद शुरू होगा मुख्य निर्माण
मानसून के दौरान बारिश के चलते निर्माण कार्यों की रफ्तार धीमी पड़ गई थी, लेकिन अब मौसम साफ होने के साथ ही गतिविधियों को गति दी जा रही है। वर्तमान में विभिन्न स्थानों पर यूटिलिटी शिफ्टिंग का काम जोरों पर है। सड़क चौड़ीकरण और निर्माण के दायरे में आ रही बिजली की लाइनों, पेयजल पाइपलाइनों और अन्य भूमिगत व सतही उपयोगिताओं को सुरक्षित रूप से स्थानांतरित किया जा रहा है। यह प्रक्रिया पूरी होते ही मुख्य निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा।
अधिकारी का बयान
“सड़क सुरक्षा के तहत देहरादून-हरिद्वार राष्ट्रीय राजमार्ग पर व्यापक स्तर पर कार्य किए जाने हैं। फिलहाल यूटिलिटी शिफ्टिंग का कार्य तेजी से चल रहा है। बारिश रुकने के बाद अब मुख्य निर्माण कार्यों में तेजी लाई जाएगी, ताकि परियोजना को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जा सके- सौरभ सिंह, परियोजना निदेशक (पीडी), एनएचएआई

More Stories
उत्तराखंड अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पेंशनरों को जारी किए ₹147 करोड़ से अधिक, वरिष्ठ नागरिकों और मेधावी छात्रों को किया सम्मानित,,
उत्तराखंड हरिद्वार को मिली ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज की सौगात, यहां हर साल 50 MBBS सीटों पर होंगे दाखिले, सीएम धामी ने केंद्र का जताया आभार,,,
उत्तराखंड नैनीताल के मल्ला निगलाट में फर्जी वारिस बनकर जमीन हड़पने का बड़ा खेल, कुमाऊं कमिश्नर ने दिए एफआईआर और सख्त कार्रवाई के निर्देश,,,