उत्तराखंड में फिर से सक्रिय होगा मानसून, प्रदेश में 25 से 28 सितंबर तक भारी बारिश का अलर्ट, 30 सितंबर से मिल रहे है मानसून की विदाई के संकेत,,,

देहरादून। उत्तराखंड में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलने वाला है और मानसून की गतिविधियां दोबारा तेज होने के आसार हैं। मौसम विज्ञान केंद्र ने 25 से 28 सितंबर तक प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में बारिश को लेकर ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान कई जनपदों में गरज-चमक के साथ तीव्र बौछारें, आकाशीय बिजली चमकने और तेज हवाएं चलने की संभावना है, जबकि कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी भी दी गई है।
25 सितंबर इन जिलों में येलो अलर्ट
शुक्रवार, 25 सितंबर को बागेश्वर, चंपावत, नैनीताल, ऊधमसिंह नगर, पौड़ी, पिथौरागढ़, अल्मोड़ा और चमोली जिलों में कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने और वर्षा के तीव्र दौर की संभावना है। इन क्षेत्रों में 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। विशेष तौर पर नैनीताल, ऊधमसिंह नगर और चंपावत जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।
26 सितंबर कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट
26 सितंबर को प्रदेश के सभी जनपदों में हल्की से मध्यम बारिश और आकाशीय बिजली चमकने के आसार हैं। मौसम विभाग ने नैनीताल, ऊधमसिंह नगर और चंपावत में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा देहरादून, पिथौरागढ़, बागेश्वर, अल्मोड़ा, पौड़ी और चमोली जिलों में भी कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना है।
27 सितंबर भारी बारिश और 50 किमी की रफ्तार से हवाएं
27 सितंबर को देहरादून, नैनीताल, टिहरी, हरिद्वार, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग और चमोली जिलों में गरज-चमक, आकाशीय बिजली और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका है। इन जिलों के लिए भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है।
28 सितंबर देहरादून और उत्तरकाशी में अलर्ट
28 सितंबर को देहरादून और उत्तरकाशी जिलों में भारी बारिश की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, अन्य जिलों में हल्की से मध्यम बारिश और आकाशीय बिजली चमक सकती है।
30 सितंबर से मानसून की विदाई के संकेत
29 और 30 सितंबर को पर्वतीय जनपदों में छिटपुट बारिश हो सकती है, जबकि मैदानी इलाकों में मौसम शुष्क रहने की उम्मीद है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, 30 सितंबर से राज्य में मानसून की विदाई का क्रम शुरू होने के संकेत हैं और आगामी एक-दो दिनों में मानसून पूरी तरह विदा हो सकता है।

More Stories
आज का भविष्यफल – क्या कहते हैं आपकी किस्मत के सितारे दिन शुक्रवार दिनांक 25/09/2026
उत्तराखंड हरिद्वार जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने भगत सिंह चौक का औचक निरीक्षण कर दिए अतिक्रमण और जाम के लिए जिम्मेदार अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश,,,
उत्तराखंड में मिली लुटेरी दुल्हन, पहली रात में ही पति को बेहोश कर 70 हजार रुपये लेकर हुई फरार, दुल्हन समेत पांच आरोपी गिरफ्तार, गैंग का हुआ पर्दाफाश,,,