उत्तराखंड में बच्चों में मिले 28 टोमेटो फ्लू के केस, सरकार अलर्ट, 3 जिलों में जारी की गई एडवाइजरी, अस्पतालों में आइसोलेशन वार्ड तैयार,,,,

देहरादून: उत्तराखंड में टोमेटो फ्लू एक बार फिर बच्चों के स्वास्थ्य के लिए चिंता का कारण बन गया है। राज्य के तीन जनपदों — उधमसिंह नगर, नैनीताल और चम्पावत — में स्वास्थ्य विभाग ने अलर्ट जारी किया है। सबसे अधिक मामले उधमसिंह नगर जिले के सितारगंज क्षेत्र से सामने आए हैं, जहाँ अब तक 28 बच्चे संक्रमित पाए गए हैं।
स्वास्थ्य विभाग ने संक्रमण की रोकथाम के लिए ब्लॉक स्तर पर निगरानी बढ़ा दी है। सभी ब्लॉक चिकित्सा अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी संदिग्ध मामले की जांच रिपोर्ट तत्काल जिला मुख्यालय भेजी जाए। विभाग ने यह भी कहा है कि संदिग्ध बच्चों की पहचान, जांच और रिपोर्टिंग अनिवार्य की गई है ताकि संक्रमण फैलने से रोका जा सके।
नैनीताल के बीडी पांडे अस्पताल में भी एहतियातन अलर्ट जारी किया गया है। अस्पताल प्रशासन ने बच्चों के लिए आइसोलेशन वार्ड तैयार कर लिया है। पीएमएस डॉ. तरुण कुमार टम्टा ने बताया कि अस्पताल में सभी आवश्यक तैयारियाँ पूरी हैं और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए चिकित्सा स्टाफ की विशेष ड्यूटी लगाई गई है।
स्वास्थ्य विभाग ने जनता से अपील की है कि बच्चे साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें, संक्रमित बच्चों से दूरी बनाए रखें और यदि किसी बच्चे में बुखार, त्वचा पर दाने, गले में खराश या थकान जैसे लक्षण दिखें तो तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर जांच कराएं।
अधिकारियों का कहना है कि “समय पर पहचान और उपचार से टोमेटो फ्लू संक्रमण को प्रभावी ढंग से नियंत्रित किया जा सकता है”

More Stories
हरिद्वार, ज्वालापुर रामलीला में सीता खोज से बाली वध तक के प्रसंगों का हुआ जीवंत मंचन, राज्यमंत्री नितिन गौतम सहित गणमान्य जनों ने की आरती,,,,,
‘दुष्यंत गौतम दुष्यंत गौतम को राज्यपाल बनाना उत्तराखंड के स्वाभिमान पर चोट, राज्यपाल नियुक्ति के विरोध में एकजुट हुई कांग्रेस ‘उत्तराखंड बंद’ का किया ऐलान,,,
उत्तराखंड अंकिता भंडारी प्रकरण पर गरमाई सियासत, राज्यपाल नियुक्ति और माता-पिता को हिरासत में लेने पर कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन, भाजपा ने साधा निशाना,,,,