उत्तराखंड यमुनोत्री ट्रैक रूट का होगा कायाकल्प, 15 दिनों के भीतर अपनी विस्तृत योजना पेश करे अधिकारी – आनंद बर्द्धन (मुख्य सचिव)

देहरादून। उत्तराखंड सरकार ने चारधाम यात्रा के प्रमुख पड़ाव यमुनोत्री धाम के पैदल मार्ग के सुधार और पुनर्विकास की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। प्रदेश के मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने यमुनोत्री ट्रैक रूट के समग्र सुधारीकरण के लिए 15 दिनों के भीतर विस्तृत कार्ययोजना (प्रस्तुतीकरण) तैयार कर प्रस्तुत करने के कड़े निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही ट्रैक रूट के वैकल्पिक मार्गों की संभावनाओं को भी तलाशने और उन पर तत्परता से काम करने को कहा गया है।
“मुख्यमंत्री घोषणाओं की समीक्षा में मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन सख्त; कहा- प्राथमिकता पर तय समय-सीमा में पूरे हों सभी विकास कार्य”
सचिवालय में आयोजित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में मुख्य सचिव ने राज्य भर में मुख्यमंत्री की घोषणाओं की प्रगति की गहन समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनहित से जुड़ी मुख्यमंत्री घोषणाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता पर रखते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर धरातल पर उतारा जाए।
पोर्टल पर अद्यतन हो प्रगति, लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण

मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि लंबे समय से लंबित पड़ी घोषणाओं का वर्गीकरण कर उनका निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर किया जाए। जिन मामलों में विलोपन (रद्द) या अन्य घोषणाओं के साथ विलय (मर्ज) किया जाना है, उन पर सक्षम स्तर से समयबद्ध निर्णय लिया जाए। साथ ही, अन्य विभागों को हस्तांतरित होने वाली घोषणाओं पर भी त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन विभागों के पास पोर्टल के यूजर आईडी और पासवर्ड नहीं हैं, उन्हें तत्काल उपलब्ध कराए जाएं ताकि सचिव और अपर सचिव स्तर पर नियमित मॉनिटरिंग हो सके।
घोषणाओं की वर्तमान स्थिति पर एक नजर
बैठक में प्रस्तुत आंकड़ों के अनुसार:
- प्रदेश में कुल 4,611 मुख्यमंत्री घोषणाओं में से 2,852 घोषणाएं पूरी हो चुकी हैं।
- वर्तमान में 1,759 घोषणाएं लंबित हैं।
- लंबित मामलों में से 447 घोषणाओं का विलोपन या मर्ज किया गया है।
- 1,397 घोषणाओं पर विभिन्न स्तरों पर कार्रवाई तेजी से चल रही है, जिनमें से 59 आंशिक रूप से पूरी हो चुकी हैं और 303 घोषणाएं अंतिम रूप से लंबित हैं।
- मुख्य सचिव ने आगामी समीक्षा बैठक अक्टूबर माह के मध्य में आयोजित करने के निर्देश दिए हैं।
पौड़ी हेरिटेज स्ट्रीट, ईको-पार्क और कोल्ड स्टोरेज पर दिशा-निर्देश
- पौड़ी हेरिटेज स्ट्रीट व पार्किंग: पौड़ी शहर में मुख्य बाजार धारा रोड से एजेंसी चौक तक हेरिटेज स्ट्रीट के निर्माण कार्य को आवास विभाग से पर्यटन विभाग को स्थानांतरित करने तथा मल्टीस्टोरी पार्किंग से संबंधित प्रस्तावों पर आवास विभाग को शीघ्र कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
- ईको-पार्क का रखरखाव: विभिन्न स्थलों पर बनने वाले ईको-पार्क परिसंपत्ति निर्माण के साथ ही उनके संचालन एवं रखरखाव की व्यवस्था पहले से ही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि परिसंपत्तियों का समुचित उपयोग हो सके।
- कोल्ड स्टोरेज निर्माण: कृषि एवं बागवानी को बढ़ावा देने के लिए मुख्य सचिव ने निर्देश दिया कि अनुपयुक्त सरकारी भूमि के बजाय आवश्यकता के अनुरूप उपयुक्त भूमि क्रय कर ही कोल्ड स्टोरेज का निर्माण कराया जाए।

More Stories
उत्तराखंड मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हरियाणा भ्रमण पर जा रहे युवाओं को शुभकामनाएं देते हुए नवाचार और प्रदेश की संस्कृति को साझा करने का किया आह्वान,,,
उत्तराखंड UTET परीक्षा में सॉल्वर गैंग की सेंधमारी नाकाम, कोटद्वार में दूसरे अभ्यर्थी की जगह परीक्षा दे रहा मुन्नाभाई रंगे हाथ गिरफ्तार,,,
उत्तराखंड हिमालय में 20 हज़ार फीट पर देश का सबसे बड़ा ‘ऑपरेशन एयरलिफ्ट’, यूकाडा ने बर्फबारी में फंसे 67 पर्वतारोहियों को सुरक्षित निकाला,,,