उत्तराखंड राजधानी में बढ़ती आपराधिक घटनाओं पर डीजीपी सख्त, पुलिस मुख्यालय में उच्च स्तरीय बैठक, विशेष अभियान चलाने के निर्देश,,,,

देहरादून: राजधानी देहरादून में हाल के दिनों में सामने आई आपराधिक घटनाओं की संवेदनशीलता को देखते हुए उत्तराखंड के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) दीपम सेठ ने पुलिस मुख्यालय में एक उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की। बैठक में आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप, आईजी एसटीएफ नीलेश आनंद भरणे, एसएसपी देहरादून प्रमेंद्र डोबाल, एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक के दौरान डीजीपी ने अधिकारियों की जिम्मेदारियां स्पष्ट करते हुए राजधानी की कानून-व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने आईजी गढ़वाल को देहरादून की कानून-व्यवस्था की दैनिक मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के लिए कहा, जबकि एसएसपी देहरादून को अधीनस्थ अधिकारियों की स्पष्ट टास्किंग तय कर उनकी जवाबदेही सुनिश्चित करने और क्षेत्र में प्रभावी पुलिसिंग बनाए रखने के निर्देश दिए।
डीजीपी ने क्षेत्राधिकारियों और थाना प्रभारियों को स्वयं फील्ड में सक्रिय रहने, चिन्हित हॉटस्पॉट क्षेत्रों में पुलिस की विजिबिलिटी बढ़ाने और बैरियर्स पर सघन चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए। साथ ही विशेष रूप से सुबह के समय क्षेत्राधिकारियों को पुलिस बल की सक्रियता और उपस्थिति बढ़ाने पर जोर दिया गया।
बैठक में आईजी एसटीएफ और एसएसपी एसटीएफ को राजधानी में सक्रिय आपराधिक तत्वों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा सत्यापन अभियान के तहत पीजी, किरायेदारों और होम-स्टे में संचालित गतिविधियों का सघन सत्यापन और नियमित निगरानी सुनिश्चित करने को कहा गया। निर्धारित समय के बाद संचालित हो रहे बार और पब्स पर भी सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
डीजीपी दीपम सेठ ने स्पष्ट कहा कि राजधानी देहरादून में आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए विशेष अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने सभी अधिकारियों को पूर्ण मुस्तैदी, सतर्कता और जवाबदेही के साथ कार्य करते हुए आमजन की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

More Stories
उत्तराखंड दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे पर नियम तोड़ने वालों पर सख्ती, ANPR कैमरों को ई-चालान सिस्टम से जोड़ा, ओवरस्पीडिंग पर कटे 1,000 से ज्यादा चालान,,,
उत्तराखंड की 4 प्रमुख पर्वतीय सड़कों को मिलेगा NH का दर्जा, केंद्र ने शुरू किया परीक्षण, अब और सुगम हो जाएगी पहाड़ की राह,,,
उत्तराखंड देवभूमि का हुनर, रेशम कोकून से बनाई केदारनाथ और नंदा-सुनंदा की जीवंत आकृतियां, ब्रिक्स सम्मेलन तक गूंजी नैनीताल की महिलाओं की गूंज,,,