उत्तराखंड सख्त भू-कानून, नैनीताल में नियमों का उल्लंघन करने पर 91 नाली भूमि राज्य सरकार में निहित,,,

नैनीताल। उत्तराखंड में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सरकार द्वारा लागू सख्त भू-कानून के तहत प्रशासन ने नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया है। नैनीताल जिले में निर्धारित प्रयोजन के अनुसार उपयोग न किए जाने पर प्रशासन ने सात मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए कुल 1.822 हेक्टेयर (91 नाली एक मुट्ठी) भूमि को राज्य सरकार में निहित कर दिया है। यह आदेश परगना मजिस्ट्रेट (एसडीएम) नवाजिश खलीक की अदालत द्वारा जारी किया गया।
जांच में खाली और बंजर मिली जमीन

एसडीएम नवाजिश खलीक के अनुसार, राजस्व अभिलेखों और स्थलीय निरीक्षण के दौरान यह स्पष्ट हुआ कि:
- धार्मिक प्रयोजन: पट्टी मल्ली कुटौली के अंतर्गत ग्राम कमड़ा और ग्राम शीतला में विभिन्न व्यक्तियों द्वारा धार्मिक कार्यों के नाम पर कुल 1.562 हेक्टेयर भूमि खरीदी गई थी। निरीक्षण के दौरान मौके पर कोई धार्मिक गतिविधि संचालित नहीं पाई गई और पूरी जमीन खाली पड़ी थी।
- कृषि प्रयोजन: पट्टी सतबूंगा के ग्राम सतबूंगा में कृषि कार्य के लिए क्रय की गई 0.260 हेक्टेयर भूमि पर कोई खेती नहीं की जा रही थी और वह मौके पर बंजर अवस्था में पाई गई।
सुनवाई के बाद हुई विधिक कार्रवाई
प्रशासन ने संबंधित पक्षों को अपना पक्ष रखने और आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने का पूरा अवसर दिया। इसके बाद क्रय अनुमति की शर्तों, राजस्व अभिलेखों, साक्ष्यों और स्थलीय जांच रिपोर्ट की समीक्षा में यह सिद्ध हो गया कि भूमि का उपयोग उस उद्देश्य के लिए नहीं किया गया जिसके लिए अनुमति ली गई थी।
मामलों को विधि-विरुद्ध पाते हुए एसडीएम कोर्ट ने उत्तर प्रदेश जमींदारी विनाश एवं भूमि व्यवस्था अधिनियम के तहत कुल 1.822 हेक्टेयर भूमि को राज्य सरकार के अधीन दर्ज करने का फैसला सुनाया। साथ ही राजस्व अधिकारियों को अभिलेखों में आवश्यक प्रविष्टियां दर्ज करने के निर्देश दिए गए हैं।
भू-कानून उल्लंघन पर होगी सख्त कार्रवाई: डीएम
जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य भूमि क्रय-विक्रय की प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी, निष्पक्ष और कानूनसम्मत बनाना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले में भू-कानून और अनुमति की शर्तों का उल्लंघन करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और उनके विरुद्ध इसी प्रकार नियमानुसार कठोर विधिक कार्रवाई जारी रहेगी।

More Stories
शाम की चाय का मज़ा दोगुना करेंगे कच्चे पपीते के क्रिस्पी कटलेट, जानें बेहद आसान रेसिपी
आरक्षण सामाजिक न्याय से उपजे अंतर्विरोध तक – भारत में आरक्षण व्यवस्था पर एक नजर- गौरव चक्रपाणी (संडे स्पेशल)
आरक्षण सामाजिक न्याय से उपजे अंतर्विरोध तक – भारत में आरक्षण व्यवस्था पर एक,विशेष रिपोर्ट – गौरव चक्रपाणी (संडे स्पेशल)