August 20, 2026

उत्तराखंड सड़क सुरक्षा को लेकर प्रदेश सरकार सख्त, सड़क सुरक्षा को लेकर मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने अधिकारियों को दिये अहम निर्देश,,,

उत्तराखंड सड़क सुरक्षा को लेकर प्रदेश सरकार सख्त, सड़क सुरक्षा को लेकर मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने अधिकारियों को दिये अहम निर्देश,,,

देहरादून। उत्तराखंड में सड़क सुरक्षा को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने एक उच्च स्तरीय बैठक में महत्वपूर्ण निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया है कि सड़क दुर्घटनाओं को कम करने के लिए वैज्ञानिक दृष्टिकोण और कड़े प्रशासनिक कदमों की आवश्यकता है।

🟢 ब्लैक स्पॉट और ऑडिट को प्राथमिकता

​मुख्य सचिव ने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि राज्य में ‘ब्लैक स्पॉट’ और दुर्घटना संभावित स्थलों का अनिवार्य रूप से ‘रोड सेफ्टी ऑडिट’ और ‘थर्ड पार्टी ऑडिट’ कराया जाए। इन ऑडिट से मिलने वाले सुझावों और निष्कर्षों के आधार पर तत्काल सुधारात्मक कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। इसके अतिरिक्त, बस अड्डों का भी विशेष टीम गठित कर नियमित ऑडिट कराने के निर्देश दिए गए हैं।

🟢 विद्यार्थियों और आमजन में जागरूकता

​सड़क सुरक्षा के प्रति भविष्य की पीढ़ी को जागरूक करने के लिए शिक्षा विभाग और परिवहन विभाग के समन्वय से विद्यालयों में ‘सड़क सुरक्षा क्लब’ स्थापित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा, आम जनता के बीच जागरूकता बढ़ाने के लिए ‘सेंसिटाइजेशन कैंप’ और स्थानीय सिनेमाघरों में सड़क सुरक्षा से संबंधित फिल्मों का प्रदर्शन करने को कहा गया है।

मुख्य निर्देश:

  • ​दोपहिया वाहन चालकों के लिए हेलमेट का अनिवार्य उपयोग सुनिश्चित करना।
  • ​’राहगीर योजना’ का व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार करना।
  • ​हिट एंड रन मामलों की नियमित समीक्षा और त्वरित निस्तारण।
  • ​सड़क की डिजाइन और तकनीकी खामियों का वैज्ञानिक विश्लेषण करना।
  • ​जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समितियों की नियमित बैठकें और उनकी रिपोर्ट पोर्टल पर अपलोड करना।

​बैठक में मुख्य सचिव ने यह भी सुझाव दिया कि अन्य राज्यों में लागू सर्वोत्तम सड़क सुरक्षा प्रणालियों का अध्ययन कर उन्हें उत्तराखंड में लागू करने की संभावनाओं पर विचार किया जाए। बैठक में परिवहन सचिव रविनाथ रमन, डॉ. रणवीर सिंह चौहान सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

Share