उत्तराखंड हरिद्वार गंगा पार की 35 हजार आबादी को मिलेगा सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ,स्वास्थ्य सचिव और पूर्व मंत्री ने किया था निरीक्षण,,,,

हरिद्वार। श्यामपुर क्षेत्रवासियों के लिए एक बड़ी राहत भरी खबर है। क्षेत्र के नवनिर्मित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में आज से ओपीडी (आउट पेशेंट डिपार्टमेंट) सेवाएं शुरू कर दी गई हैं। इस स्वास्थ्य केंद्र के शुरू होने से गंगा पार स्थित लगभग 35 हजार की आबादी को स्थानीय स्तर पर ही बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिल सकेंगी।
स्वास्थ्य सचिव और पूर्व मंत्री ने किया था निरीक्षण
क्षेत्र में लंबे समय से स्वास्थ्य सेवाओं के संचालन की मांग की जा रही थी। इसी क्रम में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सचिव विनय शंकर पांडे तथा पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष स्वामी यतीश्वरानंद ने अस्पताल भवन का औचक निरीक्षण किया था। अधिकारियों की मौजूदगी में भवन को जल्द से जल्द क्रियाशील करने के निर्देश दिए गए, जिसके बाद शनिवार से यहां ओपीडी का शुभारंभ कर दिया गया है।
टीकाकरण की भी मिलेगी सुविधा

इस प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में केवल सामान्य उपचार ही नहीं, बल्कि टीकाकरण की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। इससे गर्भवती महिलाओं और नवजात बच्चों को टीकाकरण के लिए दूर-दराज के क्षेत्रों में नहीं भटकना पड़ेगा। स्थानीय स्तर पर ही इन मेडिकल सुविधाओं के मिलने से ग्रामीणों का समय और पैसा दोनों बचेगा।
भविष्य में ट्रामा सेंटर के रूप में विकसित करने की योजना
प्रशासन और शासन स्तर पर इस केंद्र को भविष्य में ट्रामा सेंटर के रूप में विकसित करने की भी योजना है। श्यामपुर और लालढांग क्षेत्र के बीच स्थित होने के कारण इस मार्ग पर अक्सर सड़क दुर्घटनाएं होती रहती हैं। यहाँ ट्रामा सेंटर बन जाने से दुर्घटना में घायल होने वाले लोगों को समय पर प्राथमिक उपचार मिल सकेगा, जिससे कई अनमोल जिंदगियां बचाई जा सकेंगी।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) डॉ. आर.के. सिंह सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी और स्थानीय गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

More Stories
उत्तराखंड में सख्त हुए निर्माण नियम, यूनिफाइड जोनिंग रेगुलेशन-2025 लागू, अब केवल सड़क की चौड़ाई के आधार पर पास नहीं होगा कॉमर्शियल नक्शा,,,
उत्तराखंड मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का ऐलान, राजकीय विद्यालयों के 10वीं और 12वीं के विद्यार्थियों को टैबलेट के लिए डीबीटी से मिलेगी धनराशि,,,
उत्तराखंड सच के लिए आखिरी दम तक संघर्ष करूंगा,’नौकरी के बदले पैसा लेना तो दूर, कभी किसी की चाय तक नहीं पी’- हरीश रावत