October 4, 2026

चंपावत के बनबसा में आज होगी ऐतिहासिक कैबिनेट बैठक, विकास योजनाओं के साथ दिखेगी स्थानीय संस्कृति की झलक,,,,

चंपावत के बनबसा में आज होगी ऐतिहासिक कैबिनेट बैठक, विकास योजनाओं के साथ दिखेगी स्थानीय संस्कृति की झलक,,,,

​चंपावत  मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में 4 अक्टूबर को बनबसा में आयोजित होने वाली राज्य मंत्रिमंडल की बैठक को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। चंपावत जिले में पहली बार आयोजित हो रही इस कैबिनेट बैठक को लेकर प्रशासनिक अमला पूरी तरह मुस्तैद है।

​इस एक दिवसीय दौरे में शामिल होने के लिए सभी कैबिनेट मंत्री, मुख्य सचिव, प्रमुख सचिव, सचिव तथा कुमाऊं आयुक्त समेत शासन के शीर्ष अधिकारी बनबसा पहुंच रहे हैं। अतिथियों के ठहरने के लिए विभिन्न शासकीय गेस्ट हाउसों में करीब 50 कमरे आरक्षित किए गए हैं।

​🟢 विकास योजनाओं पर मंथन और स्थलीय निरीक्षण

बैठक में चंपावत जिले के विकास से जुड़ी प्राथमिकताओं के साथ-साथ प्रदेश के कई अहम नीतिगत प्रस्तावों पर मुहर लगने की संभावना है। बैठक के अलावा मंत्री और वरिष्ठ अधिकारी क्षेत्र में शारदा कॉरिडोर, पूर्णागिरि रोपवे और बाढ़ सुरक्षा से जुड़े कार्यों का स्थलीय निरीक्षण करेंगे। इसके साथ ही वे ‘सेवा संकल्प अभियान’ और स्थानीय विकास कार्यक्रमों में भी प्रतिभाग करेंगे।

​🟢 उत्तराखंडी संस्कृति और पारंपरिक व्यंजनों से होगा स्वागत

प्रशासन ने इस आयोजन को स्थानीय संस्कृति और परंपरा के प्रचार-प्रसार का माध्यम भी बनाया है:

    • ​पारंपरिक स्वागत: मंत्रियों व अधिकारियों का अभिनंदन पहाड़ी टोपी, मां वाराही के प्रसाद और पूर्णागिरि मैया के पटके से किया जाएगा। स्थानीय कलाकार, स्वयं सहायता समूह और स्कूली बच्चे स्वागत प्रस्तुतियां देंगे।
    • ​पहाड़ी खानपान: अतिथियों के भोजन में पारंपरिक कुमाऊंनी व्यंजन—जैसे भट्ट की चुरकानी, गहत की दाल, मडुवे की रोटी, पहाड़ी खीरे का रायता और झंगोरे की खीर—परोसे जाएंगे।
    • ​सांस्कृतिक सजावट: बैठक कक्ष को चंपावत की ऐतिहासिक, धार्मिक और पर्यटन विरासत को दर्शाती प्रमुख तस्वीरों से सुसज्जित किया गया है।

​”बनबसा के एनएचपीसी परिसर में होने वाली कैबिनेट बैठक को लेकर सभी तैयारियां समय से पहले पूरी कर ली गई हैं और संबंधित अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं- मनीष कुमार, जिलाधिकारी, चंपावत

Share