April 14, 2026

देहरादून नगर निगम में महापौर की कुर्सी पर बैठा युवक गिरफ्तार, सुरक्षाकर्मियों से मारपीट कर फाड़ी वर्दी,,,

देहरादून नगर निगम में महापौर की कुर्सी पर बैठा युवक गिरफ्तार, सुरक्षाकर्मियों से मारपीट कर फाड़ी वर्दी,,,


देहरादून: नगर निगम देहरादून में उस समय हंगामा खड़ा हो गया जब एक मनचला युवक महापौर की कुर्सी पर बैठ गया और उसे हटाने पहुंचे कर्मचारियों व सुरक्षाकर्मियों के साथ मारपीट कर दी। सुरक्षाकर्मियों की वर्दी तक फाड़ दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है।
नगर निगम कर्मचारी चंद्रपाल यादव ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि शनिवार सुबह करीब 10:30 बजे पीयूष नाम का युवक नगर निगम परिसर में घुस आया। बताया गया कि वह पहले भी कई बार निगम परिसर में आता रहा है। सूचना मिलने पर जब कर्मचारी महापौर कार्यालय पहुंचे तो देखा कि युवक महापौर की कुर्सी पर बैठा हुआ था।
कर्मचारियों ने जब उसे कुर्सी से उठाने का प्रयास किया तो आरोपित आग बबूला हो गया और कर्मचारियों के साथ मारपीट करते हुए उनके कपड़े फाड़ दिए। स्थिति बिगड़ने पर मदद के लिए होमगार्ड जवान कपिल बिष्ट, अमित रमोला, मनीष कुमार, हरमीक सिंह, आकाश, विकास चौधरी, विजय सुयाल, अरविंद नोडियाल और लक्ष्मी सेमवाल को बुलाया गया।
होमगार्ड जवानों ने युवक को कार्यालय से बाहर निकालने की कोशिश की तो उसने उनके साथ भी मारपीट की और उनकी वर्दी फाड़ दी। इस दौरान आरोपित ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी और सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न की।
घटना के बाद कंट्रोल रूम में सूचना देकर पुलिस को बुलाया गया। शहर कोतवाली प्रभारी हरिओम चौहान ने बताया कि शिकायत के आधार पर आरोपित के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।

Share