देहरादून: प्रधानमंत्री के 14 अप्रैल के दौरे को लेकर सीएम धामी की उच्चस्तरीय बैठक, दिल्ली–देहरादून एक्सप्रेसवे शुभारम्भ की तैयारियां तेज,,,,,

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को मुख्यमंत्री आवास में आगामी 14 अप्रैल को प्रस्तावित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तराखंड आगमन और दिल्ली–देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर (दिल्ली–देहरादून एक्सप्रेसवे) के शुभारम्भ कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर उच्चस्तरीय बैठक की। मुख्यमंत्री ने इस अवसर को राज्य के लिए ऐतिहासिक और अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि इस भव्य आयोजन में समाज के प्रत्येक वर्ग की भागीदारी सुनिश्चित की जाए, ताकि कार्यक्रम जन-उत्सव का स्वरूप ले सके। उन्होंने अधिकारियों को कार्यक्रम की रूपरेखा आकर्षक और सुव्यवस्थित बनाने के निर्देश देते हुए कहा कि उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को भी आयोजन में प्रमुखता से प्रदर्शित किया जाए।
उन्होंने विशेष रूप से गढ़वाली, कुमाऊनी और जौनसारी लोकनृत्यों तथा पारंपरिक संगीत की झलक कार्यक्रम में शामिल करने पर जोर दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि कार्यक्रम स्थल को पारंपरिक और आधुनिक साज-सज्जा के समन्वय से सजाया जाए और अधिक से अधिक स्थानीय कलाकारों को मंच प्रदान किया जाए, ताकि यह आयोजन केवल सरकारी कार्यक्रम न होकर उत्तराखंड की संस्कृति, परंपरा और गौरव का प्रतीक बन सके।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से भी इस ऐतिहासिक अवसर में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि लोग राष्ट्रीय ध्वज के साथ प्रधानमंत्री के रोड शो में शामिल होकर पूरे प्रदेश में उत्सव जैसा माहौल बनाएं। इसके साथ ही उन्होंने कार्यक्रम से पहले प्रदेशभर में स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश दिए और कहा कि जनप्रतिनिधि, प्रशासन और आम नागरिक मिलकर इस आयोजन को स्वच्छ, सुंदर और यादगार बनाएं।
दिल्ली–देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर के महत्व पर प्रकाश डालते हुए मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि यह परियोजना उत्तराखंड के विकास को नई दिशा देने वाली साबित होगी। इसके शुरू होने से दिल्ली और देहरादून के बीच यात्रा समय में उल्लेखनीय कमी आएगी, जिससे पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही औद्योगिक और व्यावसायिक गतिविधियों के विस्तार के साथ युवाओं के लिए नए रोजगार के अवसर भी पैदा होंगे।
उन्होंने कहा कि यह कॉरिडोर लॉजिस्टिक्स, परिवहन और निवेश के क्षेत्र में भी बड़े बदलाव लाएगा और राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूती देगा। लंबे समय से प्रतीक्षित इस परियोजना का शुभारम्भ उत्तराखंड के विकास के इतिहास में एक स्वर्णिम अध्याय के रूप में दर्ज होगा और प्रदेश को राष्ट्रीय विकास की मुख्यधारा में और अधिक सशक्त बनाएगा।
बैठक में राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट, सचिव शैलेश बगौली, कमिश्नर विनय शंकर पांडे, जिलाधिकारी देहरादून सविन बंसल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून, अपर सचिव बंशीधर तिवारी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

More Stories
उत्तराखंड देहरादून में प्रधानमंत्री के आगमन दौरे की तैयारियां पूरी, प्रशासन अलर्ट मोडपर, सुरक्षा के दृष्टिगत 13 जोन में बांटा गया रूट प्लान,,,,
“देश – दुनिया” ITR फॉर्म में बड़े बदलाव, AY 2026-27 के लिए नया नियम- पते और संपर्क जानकारी में जोड़े गए नए विकल्प,,,,
उत्तराखंड के नैनीताल में उभर रहा ‘विलेज टूरिज्म’ मॉडल, गांव बन रहे सैलानियों की पहली पसंद, पलायन पर लगेगा कुछ हद तक विराम,,,,