उत्तराखंड अंकिता भंडारी हत्याकांड में पूर्व भाजपा विधायक सुरेश राठौर से फिर सीबीआई ने की तीन घंटे तक गहन पूछताछ, उर्मिला सनावर की आज होगी पेशी,,,,

हरिद्वार। उत्तराखंड के बहुचर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड की जांच के सिलसिले में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) की टीम शनिवार को हरिद्वार पहुंची। बीएचईएल (BHEL) क्षेत्र स्थित शिवालिक गेस्ट हाउस में जांच एजेंसी ने भाजपा के पूर्व विधायक सुरेश राठौर को तलब कर उनसे करीब तीन घंटे तक सघन पूछताछ की। पूछताछ की यह प्रक्रिया दोपहर बाद से शुरू होकर करीब शाम सात बजे तक चली। पूरी कार्रवाई के दौरान सीबीआई की टीम ने मीडियाकर्मियों से सख्त दूरी बनाए रखी।
जांच में पूरा सहयोग करूंगा- सुरेश राठौर

सीबीआई की पूछताछ खत्म होने के बाद पूर्व विधायक सुरेश राठौर मीडिया के सामने आए। उन्होंने बताया कि अधिकारियों ने उनसे पूरी बातचीत की और उन्होंने जांच एजेंसी के सभी सवालों के संतोषजनक बयान दर्ज कराए हैं। राठौर ने कहा, “मामले की निष्पक्ष जांच में मैं पूरा सहयोग कर रहा हूं और आगे भी करता रहूंगा। सीबीआई ने मुझसे कुल 15 सवाल पूछे। जब अभिनेत्री उर्मिला सनावर से रिश्तों को लेकर सवाल किया गया, तो मैंने स्पष्ट कहा कि मैं उन्हें नहीं जानता कि उर्मिला कौन हैं। मेरा उनसे कोई लेना-देना नहीं है। अदालत के आदेश पर मामला सीबीआई के पास है और सच सामने आकर रहेगा।””
गौरतलब है कि बीते वर्ष दिसंबर माह में अभिनेत्री उर्मिला सनावर की ओर से सोशल मीडिया पर एक ऑडियो क्लिप वायरल की गई थी। इस ऑडियो में कथित तौर पर भाजपा से जुड़े एक वीआईपी का जिक्र होने की बात सामने आई थी। ऑडियो में पूर्व विधायक सुरेश राठौर के नाम को लेकर भी कई दावे किए गए थे। उत्तराखंड पुलिस की एसआईटी जांच के बाद अब यह पूरा प्रकरण सीबीआई के अधीन है, जिसकी जांच टीम शनिवार शाम करीब चार बजे हरिद्वार पहुंची थी।
उर्मिला सनावर आज सीबीआई से मिलेंगी; बोली- “कैमरे के सामने होगी बात”

दूसरी ओर, अंकिता भंडारी हत्याकांड मामले में सक्रिय अभिनेत्री उर्मिला सनावर ने दावा किया कि उनके पास शनिवार दोपहर 12:30 बजे सहारनपुर आवास पर सीबीआई का फोन आया था। उस समय दिल्ली में होने के कारण उन्होंने जांच टीम से मिलने के लिए रविवार का समय मांगा।
उर्मिला सनावर, जो वर्तमान में अंकिता के माता-पिता के साथ दिल्ली में मौजूद हैं, ने बताया कि वे रविवार को सीबीआई टीम से मुलाकात करेंगी। उन्होंने स्पष्ट किया:
”जांच प्रक्रिया पूरी तरह स्पष्ट और पारदर्शी होनी चाहिए। इसके लिए मैं अकेले नहीं, बल्कि मीडिया को साथ लेकर सीबीआई से मिलूंगी। एक बेटी को न्याय दिलाने के लिए मैं बिना किसी दबाव के संघर्ष कर रही हूं। मेरे पास जितने भी साक्ष्य हैं, वे सभी सीबीआई के समक्ष प्रस्तुत किए जाएंगे और जो भी बात होगी, वह कैमरे के सामने होगी। जांच प्रक्रिया किसी भी प्रकार से प्रभावित नहीं होनी चाहिए।””
फिलहाल शनिवार को पूर्व विधायक से हुई पूछताछ के दौरान किन-किन बिंदुओं पर चर्चा हुई और क्या निष्कर्ष निकला, इस पर सीबीआई की ओर से कोई भी आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

More Stories
उत्तराखंड अंकिता भंडारी हत्याकांड में पूर्व भाजपा विधायक सुरेश राठौर से फिर सीबीआई ने की तीन घंटे तक गहन पूछताछ, उर्मिला सनावर से आज होगी पूछताछ,,,,
आज का भविष्यफल – क्या कहते हैं आपकी किस्मत के सितारे दिन रविवार दिनांक 18/10/2026
“बड़ी खबर” कोलकाता के चोरबगान पूजा पंडाल में भारी बारिश के बाद भगदड़ और ढांचा ढहने से 17 श्रद्धालुओं की हुई मौत और 35 से अधिक घायल,,,,,