August 12, 2026

उत्तराखंड ऋषिकेश में महिला से सामूहिक दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला, तीन प्रॉपर्टी डीलरों पर मुकदमा एक आरोपी गिरफ्तार, पिता-पुत्र फरार,,,,,

उत्तराखंड ऋषिकेश में महिला से सामूहिक दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला, तीन प्रॉपर्टी डीलरों पर मुकदमा एक आरोपी गिरफ्तार, पिता-पुत्र फरार,,,,,


ऋषिकेश: तीर्थनगरी ऋषिकेश में एक महिला की शिकायत पर पुलिस ने तीन रसूखदार प्रॉपर्टी डीलरों के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म, बंधक बनाने और जान से मारने की धमकी देने जैसी गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो अन्य आरोपी—पिता और पुत्र—फरार बताए जा रहे हैं।
पीड़िता की ओर से दर्ज कराई गई रिपोर्ट के अनुसार, उसका शोषण वर्ष 2021 से लगातार किया जा रहा था। महिला ने आरोप लगाया है कि उसके पति के व्यापारिक साझेदार मनजीत जौहर, उसके बेटे मानव जौहर और उनके पार्टनर कुशाग्र शर्मा उर्फ रोमी ने उसकी पारिवारिक मजबूरी का फायदा उठाते हुए उसके साथ बार-बार दुष्कर्म किया।
पीड़िता के मुताबिक, उसके पति इन लोगों को अपना सहारा मानते थे और घर चलाने में उनकी अहम भूमिका बताते थे। आरोप है कि जनवरी 2022 में मनजीत जौहर ने घर में घुसकर पहली बार उसके साथ दुष्कर्म किया। महिला ने यह बात अपनी सास को बताई, लेकिन उसे कोई मदद नहीं मिली।
इसके बाद फरवरी 2023 में कथित तौर पर उसका पति ही उसे एक पेंटहाउस में लेकर गया, जहां मानव जौहर ने उसे नशीला पदार्थ पिलाकर दुष्कर्म किया और अश्लील तस्वीरें खींच लीं। महिला का आरोप है कि बाद में कुशाग्र शर्मा ने उन्हीं तस्वीरों के जरिए उसे ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया और देहरादून व ऋषिकेश के विभिन्न होटलों में ले जाकर कई बार दुष्कर्म किया।
पीड़िता ने बताया कि वह लंबे समय तक इसलिए चुप रही क्योंकि आरोपी उसके बीमार पिता और इकलौती बेटी को जान से मारने की धमकी देते थे। मानसिक रूप से टूट चुकी महिला ने आखिरकार अपनी बहन को पूरी आपबीती बताई, जिसके बाद उसने हिम्मत जुटाकर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए ऋषिकेश कोतवाली पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ दुष्कर्म, अवैध रूप से बंधक बनाने और धमकी देने की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी कुशाग्र शर्मा (रोमी) को उसके आवास से गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य फरार आरोपी मनजीत जौहर और मानव जौहर की तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही दोनों आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

You may have missed

Share