April 10, 2026

उत्तराखंड के इस बैराज पर सी-प्लेन उतरने की तैयारी, उत्तराखंड में जल आधारित हवाई सेवा की दिशा में बड़ा कदम,,,

उत्तराखंड के इस बैराज पर सी-प्लेन उतरने की तैयारी, उत्तराखंड में जल आधारित हवाई सेवा की दिशा में बड़ा कदम,,,


ऋषिकेश: उत्तराखंड में पर्यटन और आधुनिक परिवहन सुविधाओं को बढ़ावा देने की दिशा में एक नई पहल की शुरुआत होने जा रही है। यूजेवीएन लिमिटेड की ओर से सोमवार सुबह करीब 11 बजे ऋषिकेश स्थित पशुलोक बैराज पर सी-प्लेन उतारने का ट्रायल किया जाएगा। इस ट्रायल को प्रदेश में सी-प्लेन सेवा शुरू करने की दिशा में एक अहम और ऐतिहासिक कदम माना जा रहा है।
बताया जा रहा है कि इस परीक्षण के माध्यम से जलाशय पर सी-प्लेन के सुरक्षित संचालन, लैंडिंग और टेकऑफ की संभावनाओं का आकलन किया जाएगा। यदि यह ट्रायल सफल रहता है तो भविष्य में उत्तराखंड के विभिन्न जलाशयों और नदियों पर भी सी-प्लेन सेवा शुरू करने की योजना पर काम आगे बढ़ाया जा सकता है।
सी-प्लेन सेवा शुरू होने से राज्य के पर्यटन क्षेत्र को बड़ा लाभ मिलने की उम्मीद है। विशेष रूप से ऐसे दुर्गम और दूरस्थ पर्यटन स्थलों तक पहुंच आसान हो सकेगी, जहां सड़क मार्ग या पारंपरिक हवाई सेवाएं पहुंचना कठिन है। इससे पर्यटकों को कम समय में अधिक स्थानों की यात्रा करने की सुविधा मिलेगी और पर्यटन स्थलों की लोकप्रियता भी बढ़ेगी।
विशेषज्ञों का मानना है कि इस पहल से उत्तराखंड में हाई-एंड टूरिज्म को बढ़ावा मिलेगा और देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों के लिए यात्रा अधिक आकर्षक और सुविधाजनक बनेगी। इसके साथ ही स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
इसके अलावा आपदा की स्थिति में राहत एवं बचाव कार्यों के लिए भी सी-प्लेन सेवा बेहद उपयोगी साबित हो सकती है, क्योंकि यह जलाशयों और नदी क्षेत्रों के पास तेजी से पहुंचकर आपातकालीन मदद पहुंचाने में सक्षम होगी।
राज्य सरकार और संबंधित एजेंसियां इस परियोजना को आधुनिक परिवहन व्यवस्था के विस्तार के रूप में देख रही हैं। यदि ट्रायल सफल रहता है, तो आने वाले समय में उत्तराखंड को पर्यटन मानचित्र पर एक नई और आधुनिक पहचान मिल सकती है।

You may have missed

Share