उत्तराखंड जनविरोध के आगे झुका पुरातत्व विभाग, जागेश्वर धाम से दिल्ली नहीं जाएंगी प्राचीन मूर्तियां,,,


अल्मोड़ा। विश्व प्रसिद्ध जागेश्वर धाम स्थित पुरातात्विक संग्रहालय से प्राचीन और दुर्लभ मूर्तियों को दिल्ली ले जाने की योजना पर स्थानीय लोगों, पुजारियों और जनप्रतिनिधियों के भारी विरोध के बाद भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) को अपने कदम पीछे खींचने पड़े हैं। लोगों की धार्मिक और सांस्कृतिक भावनाओं का सम्मान करते हुए विशेषज्ञ टीम ने मूर्तियों को दिल्ली स्थित ‘युग युगीन भारत संग्रहालय’ की प्रदर्शनी के लिए नामित करने की प्रक्रिया को तत्काल प्रभाव से स्थगित कर दिया है।
क्या था पूरा मामला?
केंद्रीय संस्कृति मंत्रालय के 19 अक्टूबर के आदेश के तहत, दिसंबर में दिल्ली के ‘युग युगीन भारत संग्रहालय’ में दीर्घाओं के प्रदर्शन के लिए देशभर के विभिन्न संग्रहालय से 128 चिह्नित पुरावशेष और मूर्तियां अस्थायी तौर पर (लोन पर) मंगाई गई थीं। इसी क्रम में शनिवार सुबह एएसआई देहरादून मंडल के अधीक्षण पुरातत्वविद डॉ. मोहन चंद जोशी के नेतृत्व में आठ सदस्यीय विशेषज्ञ टीम जागेश्वर धाम स्थित संग्रहालय पहुंची थी। टीम के साथ मूर्तियों की पैकिंग का सामान भी पहुंच चुका था, जिसमें 7वीं से 14वीं सदी की पौण राजा और लकुलीश जैसी अत्यंत दुर्लभ प्रतिमाएं शामिल थीं।
मौके पर हंगामा और तीखा विरोध
जैसे ही स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों और मंदिर समिति के पुजारियों को मूर्तियों को ले जाने की भनक लगी, वे मौके पर एकत्रित हो गए और जमकर नारेबाजी व विरोध शुरू कर दिया। पुजारियों और ग्रामीणों का स्पष्ट कहना था कि ये दुर्लभ प्रतिमाएं केवल पुरातत्व विभाग की धरोहर नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र की लोक-आस्था, गौरवशाली इतिहास और जागेश्वर बाबा की अमूल्य विरासत हैं। लोगों ने इस बात पर भी गहरी चिंता जताई कि मूर्तियों को बाहर ले जाने से उनके खंडित होने या चोरी होने का खतरा बना रहेगा।
इस मामले पर पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने भी सोशल मीडिया के माध्यम से कड़ा विरोध दर्ज कराते हुए कुमाऊं कमिश्नर से वार्ता कर इस कार्रवाई को तत्काल रोकने की मांग की। वहीं, मंदिर समिति के पदाधिकारियों और महामंडलेश्वर कैलाशानंद ने भी दो टूक शब्दों में कहा कि किसी भी कीमत पर बाबा की विरासत को धाम से बाहर नहीं जाने दिया जाएगा।
प्रशासन और एएसआई का आश्वासन
बढ़ते जनविरोध और हंगामे के बाद भनोली की एसडीएम सौम्या गर्ब्याल और एएसआई अधिकारियों की ग्रामीणों व पुजारियों के साथ सामूहिक बैठक हुई। हालात को देखते हुए एएसआई की आठ सदस्यीय टीम ने बिना किसी भौतिक परीक्षण और पूर्व बीमा मूल्यांकन के ही अपने कदम वापस खींच लिए।
अधीक्षण पुरातत्वविद डॉ. मोहन चंद जोशी ने स्पष्ट किया कि जनभावनाओं के विरोध के चलते मूर्तियों को दिल्ली ले जाने के लिए नामित करने की प्रक्रिया स्थगित कर दी गई है और इस संबंध में महानिदेशक, नई दिल्ली को रिपोर्ट भेज दी गई है। एसडीएम सौम्या गर्ब्याल ने भी ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि भविष्य में बिना स्थानीय समन्वय और सहमति के ऐसी कोई कार्रवाई नहीं की जाएगी। इस फैसले के बाद स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं ने राहत की सांस ली है।

More Stories
आज का भविष्यफल – क्या कहते हैं आपकी किस्मत के सितारे दिन रविवार दिनांक 29/11/2026
उत्तराखंड में विकास कार्यों को मिलेगी रफ्तार, सीएम धामी ने सड़कों, मंदिरों के सौंदर्यीकरण और हेलीपैड निर्माण सहित करोड़ों की योजनाओं को दी मंजूरी,,,
उत्तराखंड में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 5 IAS समेत 10 अधिकारियों के तबादले; नैनीताल और अल्मोड़ा के डीएम बदले,,,