उत्तराखंड नैनीताल भूमि नापजोख के एवज में 30 हजार रुपये रिश्वत लेते पटवारी रंगे हाथ गिरफ्तार, विजिलेंस टीम को नकद पुरस्कार की घोषणा,,,

नैनीताल। जिले की धारी तहसील में सतर्कता अधिष्ठान (विजिलेंस) की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भूमि पैमाइश के बदले 30 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए पटवारी निर्मल बोरा को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
जमीन की नापजोख के लिए मांगी थी घूस
मामला धारी तहसील के मौड़ा गांव से जुड़ा है। मौड़ा निवासी शिकायतकर्ता ने अपनी पैतृक भूमि की नाप कराने के लिए पटवारी निर्मल बोरा से संपर्क किया था। आरोप है कि पटवारी ने कार्य के एवज में रिश्वत की मांग की। शिकायतकर्ता रिश्वत देने के पक्ष में नहीं था, जिसके चलते उसने सतर्कता अधिष्ठान के टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1064 पर शिकायत दर्ज करा दी।
विजिलेंस का जाल और गिरफ्तारी

शिकायत प्राप्त होने के बाद सतर्कता अधिष्ठान ने प्रारंभिक जांच की, जिसमें आरोप सही पाए गए। इसके बाद थाना सतर्कता अधिष्ठान सेक्टर नैनीताल-हल्द्वानी में सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया। पुलिस अधीक्षक विजिलेंस के निर्देश पर निरीक्षक के नेतृत्व में एक विशेष ट्रैप टीम का गठन किया गया।
योजना के तहत सतर्कता अधिष्ठान हल्द्वानी की टीम ने पटवारी निर्मल बोरा को शिकायतकर्ता से 30 हजार रुपये नकद लेते हुए मौके पर ही रंगे हाथ दबोच लिया। गिरफ्तारी के साथ ही विजिलेंस टीम ने आरोपी के आवास पर तलाशी की प्रक्रिया शुरू कर दी है और उससे जुड़े अन्य अभिलेखों की पड़ताल की जा रही है।
सफल ट्रैप टीम को नकद पुरस्कार, जनता से शिकायत की अपील
सफल कार्रवाई पर सतर्कता अधिष्ठान के निदेशक डॉ. वी. मुरूगेशन ने ट्रैप टीम को नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है। साथ ही उन्होंने आम जनमानस से अपील की कि वे भ्रष्टाचार के खिलाफ आगे आएं और किसी भी प्रकार की अवैध मांग की सूचना तुरंत सतर्कता अधिष्ठान को दें।
विभाग ने नागरिकों की सुविधा के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं:
- टोल-फ्री हेल्पलाइन: 1064
- व्हाट्सऐप हेल्पलाइन: 9456592300

More Stories
उत्तराखंड हल्द्वानी में तेज रफ्तार बाइक ने सब्जी के ठेले को मारी टक्कर, तड़पते किशोर को बचाने के बजाय वीडियो बनाते रहे लोग, 13 वर्षीय मासूम की मौत, कातिल फरार,,,,
उत्तराखंड बद्रीनाथ धाम में बिना अनुमति सांस्कृतिक कार्यक्रम और लाउडस्पीकर के प्रयोग पर चमोली डीएम सख्त, गढ़वाल स्काउट्स के सीओ को थमाया नोटिस,,,
उत्तराखंड में मौसम का प्रचंड रूप, देहरादून, टिहरी व पौड़ी में रेड अलर्ट, चारधाम यात्रा दो दिन के लिए स्थगित, चोटियों पर हुई भारी बर्फबारी,,,