उत्तराखंड बैंकों में छुट्टियों और हड़ताल का साया, आगामी 9 दिनों में सिर्फ 2 दिन होगा बैंको में कामकाज, 25 सितंबर तक निपटा लें जरूरी काम,,,

देहरादून। यदि आपका खाता किसी सरकारी बैंक में है और आपको बैंक से जुड़ा कोई भी आवश्यक कार्य निपटाना है, तो यह खबर आपके लिए बेहद महत्वपूर्ण है। आने वाले दिनों में छुट्टियों और बैंक कर्मचारियों की प्रस्तावित हड़ताल के चलते लगातार पांच दिनों तक बैंकों में कामकाज पूरी तरह से ठप रह सकता है।
लगातार पांच दिनों तक बैंक बंद रहने की आशंका
आगामी 26 सितंबर को महीने का चौथा शनिवार होने के कारण देश भर के बैंक बंद रहेंगे, और इसके अगले दिन 27 सितंबर को रविवार का साप्ताहिक अवकाश रहेगा। इसके तुरंत बाद यूनाइटेड फोरस ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) द्वारा 28, 29 और 30 सितंबर को लगातार 3 दिनों की राष्ट्रव्यापी हड़ताल का प्रस्ताव रखा गया है। यदि यह हड़ताल होती है, तो शनिवार से लेकर बुधवार तक लगातार 5 दिनों तक बैंकों में ताले लटके रहेंगे।
9 दिनों में मात्र 2 दिन खुले रहेंगे बैंक

इस लंबी श्रृंखला के बाद 1 अक्टूबर (गुरुवार) को बैंक सामान्य रूप से खुलेंगे, किंतु अगले ही दिन 2 अक्टूबर को गांधी जयंती के राष्ट्रीय अवकाश के कारण बैंक फिर बंद हो जाएंगे। इसके पश्चात 3 अक्टूबर को शनिवार के दिन बैंक खुलेंगे और 4 अक्टूबर को पुनः रविवार का अवकाश रहेगा। इस प्रकार, 26 सितंबर से 4 अक्टूबर के बीच यानी कुल 9 दिनों की अवधि में मात्र 2 दिन ही बैंकों में कामकाज हो सकेगा, जबकि 7 दिन बैंक बंद रहेंगे।
एसबीआई ने जारी की चेतावनी, डिजिटल सेवाओं के इस्तेमाल की सलाह
देश के सबसे बड़े सरकारी बैंक, भारतीय स्टेट बैंक (SBI) ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट के माध्यम से ग्राहकों को इस संबंध में आगाह किया है। बैंक ने स्पष्ट किया है कि हड़ताल की अवधि के दौरान बैंकिंग सेवाओं को सुचारू रखने के प्रयास किए जा रहे हैं, फिर भी किसी भी असुविधा से बचने के लिए ग्राहक 25 सितंबर से पहले ही अपने सभी वित्तीय कार्य पूरे कर लें। नकदी की जरूरतों के लिए एटीएम, इंटरनेट बैंकिंग, मोबाइल बैंकिंग, यूपीआई (UPI) और अन्य डिजिटल चैनलों का उपयोग करने की सलाह दी गई है।

More Stories
उत्तराखंड में बिजली खरीद की लागत और टैरिफ पर असर की संभावना, उपभोक्ताओं पर पड़ सकता है अतिरिक्त वित्तीय भार,,,,
उत्तराखंड पुलिस महकमे में फेरबदल, पुलिस मुख्यालय ने 14 पुलिस उपाधीक्षकों (DSP) को दी नई तैनाती, देखें किसे कहां मिली जिम्मेदारी,,,
उत्तराखंड खाकी पर फिर लगा दाग, हिमाचल के आबकारी कारोबारी के घर चोरी के मॉल पर हाथ साफ करने वाले दरोगा समेत चार सिपाही गिरफ्तार,,,