उत्तराखंड में मानसून फिर हुआ सक्रिय: मौसम विभाग ने 1 सितंबर तक कई जिलों में जारी किया ऑरेंज और येलो अलर्ट,,,

देहरादून: उत्तराखंड में मानसून एक बार फिर जोर पकड़ने लगा है। मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून (IMD) की चेतावनी के बाद राज्य के पर्वतीय व मैदानी क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है। मौसम विभाग ने 29 अगस्त से 1 सितंबर तक राज्य के कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश को लेकर ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है।
इन जिलों में भारी बारिश का अनुमान
30 अगस्त को बागेश्वर और पिथौरागढ़ में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना के चलते ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा देहरादून, टिहरी, पौड़ी, रुद्रप्रयाग, नैनीताल और ऊधमसिंह नगर में भी कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। राज्य के अन्य जिलों में भी तेज गर्जन और आकाशीय बिजली चमकने की आशंका जताई गई है।
31 अगस्त और 1 सितंबर का पूर्वानुमान
मौसम विभाग के अनुसार 31 अगस्त को देहरादून, बागेश्वर, चमोली और नैनीताल में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट रहेगा। वहीं, 1 सितंबर को देहरादून और टिहरी जिलों में भी भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। इस दौरान आकाशीय बिजली के साथ बारिश का अत्यंत तीव्र दौर आने के आसार हैं।
प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग हाई अलर्ट पर
राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (SEOC) ने सभी जिलाधिकारियों को आपदा से निपटने के लिए पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं। पुलिस चौकियों और थानों को वायरलेस सेट व आपदा उपकरणों के साथ तैयार रहने को कहा गया है। इसके अलावा एनएच (NH), पीडब्ल्यूडी (PWD), बीआरओ (BRO) और अन्य निर्माणदायी एजेंसियों को बंद सड़कों को तत्काल खुलवाने के निर्देश दिए गए हैं।
ट्रेकिंग और पर्यटकों की आवाजाही पर प्रतिबंध
संभावित खतरों को देखते हुए पर्वतीय जिलों में बरसात के दौरान ट्रेकिंग की गतिविधियों पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है। उच्च हिमालयी क्षेत्रों में खराब मौसम की चेतावनी के चलते पर्यटकों की आवाजाही पर विशेष निगरानी और प्रतिबंध रखने के निर्देश दिए गए हैं।
आम जनता के लिए जरूरी निर्देश और आपातकालीन नंबर
प्रशासन ने मैदानी क्षेत्रों में नालियों व कलवर्ट की सफाई सुनिश्चित करने तथा स्कूलों में विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए हैं। किसी भी आपात स्थिति या आपदा की सूचना देने के लिए राज्य आपदा नियंत्रण कक्ष (SEOC) के निम्नलिखित नंबरों पर संपर्क किया जा सकता है:
- टोल फ्री नंबर: 1070
- दूरभाष नंबर: 0135-2710335, 2664314, 2664315, 2664316
- मोबाइल नंबर: 9058441404, 8218867005

More Stories
आज का भविष्यफल – क्या कहते हैं आपकी किस्मत के सितारे दिन रविवार दिनांक 30/08/2026
उत्तराखंड में स्वाइन फ्लू ने फिर से दी दस्तक, स्वास्थ्य विभाग ने जारी की एडवाइजरी और बढ़ाई अतरिक्त निगरानी,,,
उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने विभिन्न विभागों में समूह-ग के लगभग 3600 पदों पर सीधी भर्ती के लिए जारी किया समूह-ग भर्ती परीक्षाओं का नया शेड्यूल,,,