उत्तराखंड हरिद्वार न्याय की गुहार लेकर मातृसदन पहुंचे अंकिता भंडारी के माता-पिता को स्वामी शिवानंद सरस्वती ने दिया आर-पार की लड़ाई का आश्वासन, कई संगठनों ने किया शहर में प्रदर्शन,,,

हरिद्वार। अंकिता भंडारी हत्याकांड में न्याय की मांग को लेकर अंकिता के माता-पिता हरिद्वार स्थित मातृसदन पहुंचे और परमाध्यक्ष स्वामी शिवानंद सरस्वती से मुलाकात कर सहयोग मांगा। स्वामी शिवानंद सरस्वती ने उन्हें बेटी को न्याय दिलाने के लिए हर संभव मदद करने का आश्वासन दिया।
इस दौरान अंकिता के पिता ने मुख्य आरोपी पुलकित आर्य के पिता विनोद आर्य की ओर से की गई प्रेस वार्ता पर कड़े सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि आखिर उन्हें प्रेस वार्ता करने की क्या आवश्यकता पड़ी? उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि अंकिता केवल उनकी ही नहीं, बल्कि पूरे देवभूमि उत्तराखंड की बेटी है, इसलिए सभी को मिलकर उसे न्याय दिलाने की लड़ाई लड़नी चाहिए। उन्होंने मांग की कि इस पूरे प्रकरण की कॉल डिटेल सार्वजनिक कर निष्पक्ष जांच की जाए और विनोद आर्य की कॉल डिटेल भी सार्वजनिक की जाए। इसके साथ ही उन्होंने विनोद आर्य का नार्को टेस्ट कराने की भी मांग रखी, ताकि सारा सच जनता के सामने आ सके।

अंकिता की मां ने भी बेटी को न्याय मिलने में हो रही देरी पर गहरी नाराजगी व्यक्त की। वहीं, मातृसदन के परमाध्यक्ष स्वामी शिवानंद सरस्वती ने कहा कि जिस प्रकार से अंकिता का परिवार न्याय के लिए दर-दर भटक रहा है, उससे पूरी न्यायिक व्यवस्था पर प्रश्नचिह्न लग रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि अंकिता के परिवार को न्याय दिलाने के लिए मातृसदन आर-पार की लड़ाई लड़ेगा।
अंकिता की निजी चैट सार्वजनिक करने के विरोध में ज्वालापुर में संगठनों का प्रदर्शन
हरिद्वार। अंकिता भंडारी की निजी चैट सार्वजनिक कर उनका चरित्र हनन किए जाने के विरोध में बुधवार को ज्वालापुर के आर्यनगर चौक पर विभिन्न सामाजिक और राजनीतिक संगठनों ने जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने कई पदाधिकारियों को हिरासत में ले लिया, जिन्हें बाद में रिहा कर दिया गया।
जन अधिकार पार्टी जनशक्ति की राष्ट्रीय महासचिव हेमा भंडारी के नेतृत्व में यूकेडी और यूकेडी डेमोक्रेटिक के पदाधिकारियों ने विनोद आर्य की प्रेस वार्ता के विरोध में नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों का मुख्य उद्देश्य विनोद आर्य के आवास का घेराव कर उनसे सवाल पूछना था। इस अवसर पर हेमा भंडारी ने कहा कि यह लड़ाई किसी एक राजनीतिक दल की नहीं, बल्कि पूरे उत्तराखंड के सम्मान की है। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक अंकिता को न्याय और सम्मान नहीं मिल जाता, तब तक यह संघर्ष जारी रहेगा।

More Stories
उत्तराखंड कुंभ -2027,अखाड़ा परिषद की राजनीति में आया नया मोड़,श्रीमहंत हरिगिरि को छोड़कर धुर विरोधी सभी अखाड़े हुए एक हुए,,,,,
उत्तराखंड कुंभ -2027,अखाड़ा परिषद की राजनीति में आया नया मोड़,श्रीमहंत हरिगिरि को छोड़कर धुर विरोधी सभी अखाड़े हुए एक हुए,,,,,
उत्तराखंड उर्मिला सनावर की जमानत के खिलाफ पुलिस की याचिका पर सुनवाई टली, अब दो दिसंबर को होगी उर्मिला की पेशी,,,