May 12, 2026

उत्तराखंड हरिद्वार में फूल फरोशी के छह ठिकानों की नीलामी, नगर निगम ने तय की ₹4 करोड़ की रिकॉर्ड न्यूनतम बोली,,,,,

उत्तराखंड हरिद्वार में फूल फरोशी के छह ठिकानों की नीलामी, नगर निगम ने तय की ₹4 करोड़ की रिकॉर्ड न्यूनतम बोली,,,,,

हरिद्वार। धर्मनगरी हरिद्वार में गंगा घाटों और पुलों के किनारे फूल बेचने के कारोबार को व्यवस्थित करने और राजस्व बढ़ाने के लिए नगर निगम ने बड़ी तैयारी की है। नगर निगम ने शहर के प्रमुख छह स्थलों पर फूल फरोशी की दुकानों के लिए निविदाएं (Tender) आमंत्रित की हैं। मात्र 36-36 वर्ग फीट के इन छह स्थलों के लिए निगम ने करीब 4 करोड़ रुपये की न्यूनतम बोली (Base Price) निर्धारित की है, जो शहर के व्यापारिक इतिहास में एक रिकॉर्ड माना जा रहा है।

🔴 घंटाघर क्षेत्र का ठेका सबसे महंगा, ₹1.70 करोड़ से शुरू होगी बोली

​नगर निगम द्वारा चिन्हित स्थलों में सबसे अधिक मांग घंटाघर क्षेत्र की है। घंटाघर से पंतद्वीप जाने वाले पुल की सीढ़ी के पास स्थित 36 वर्ग फीट की जगह के लिए न्यूनतम बोली 1.70 करोड़ रुपये तय की गई है। इसी प्रकार, मालवीय द्वीप जाने वाले पुल के पास के स्थल की आरक्षित दर 1.32 करोड़ रुपये रखी गई है।

​अन्य प्रमुख स्थलों में शामिल हैं:

  • नाईसोता घाट नाला: ₹57.76 लाख
  • सीसीआर घाट पार्क: ₹18.97 लाख
  • महिला घाट सीढ़ी: ₹18.26 लाख
  • विष्णु घाट से ललतारौ पुल: ₹4.96 लाख (न्यूनतम)

🔴 अर्धकुंभ 2027 और पर्वों के कारण बढ़ी कीमतें

​आगामी वर्ष में हरिद्वार में अर्धकुंभ का भव्य आयोजन होना है। इसके अतिरिक्त कांवड़ यात्रा, चारधाम यात्रा और साल भर चलने वाले स्नान पर्वों के कारण गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रहती है। फूलों और पूजा सामग्री की भारी मांग को देखते हुए ही नगर निगम ने इस बार बेस प्राइस में उल्लेखनीय बढ़ोतरी की है। यह ठेके एक वर्ष की अवधि के लिए आवंटित किए जाएंगे।

🔴 कड़े नियम- उल्लंघन पर तुरंत निरस्त होगा ठेका

​नगर निगम प्रशासन ने इस बार नियमों को काफी सख्त कर दिया है:

  1. केवल फूल बिक्री: आवंटित स्थल पर केवल फूल बेचने की अनुमति होगी। अन्य कोई भी सामग्री बेचने पर ठेका तत्काल रद्द कर दिया जाएगा।
  2. अतिक्रमण पर रोक: 36 वर्ग फीट की सीमा से बाहर पैर फैलाया तो कड़ी कार्रवाई होगी।
  3. स्वच्छता एवं प्रकाश: रोशनी और साफ-सफाई की जिम्मेदारी ठेकेदार की होगी। गंदगी पाए जाने पर भारी जुर्माना वसूला जाएगा।
  4. भुगतान प्रक्रिया: सफल बोलीदाता को 25% रकम एक सप्ताह में और शेष राशि तीन समान किश्तों में दो-दो माह के अंतराल पर अग्रिम जमा करनी होगी।

🔴 28 मई को खुलेंगे टेंडर

​नगर निगम अधिकारियों के अनुसार, इन छह ठिकानों से निगम को 4 करोड़ रुपये से अधिक की आय होने की उम्मीद है। इच्छुक फर्म या व्यक्ति 28 मई तक अपने टेंडर डाल सकते हैं, जिसके बाद उसी दिन पारदर्शी प्रक्रिया के तहत बोलियां खोली जाएंगी और उच्चतम बोलीदाता को स्थल आवंटित किया जाएगा।

Share