August 31, 2026

उत्तराखंड हल्द्वानी में राहुल गांधी के खिलाफ एफआईआर दर्ज, मंच शुद्धिकरण विवाद ने लिया कानूनी मोड़,,,

उत्तराखंड हल्द्वानी में राहुल गांधी के खिलाफ एफआईआर दर्ज, मंच शुद्धिकरण विवाद ने लिया कानूनी मोड़,,,

​देहरादून।  हल्द्वानी में श्रीराम सेना धर्मार्थ सेवा न्यास की तहरीर पर कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 196 और 299 के साथ-साथ एससी/एसटी (SC/ST) एक्ट की धारा 3(1)(Q) के तहत केस दर्ज किया है। इस पूरे प्रकरण की विवेचना पुलिस क्षेत्राधिकारी (CO) अमित कुमार सैनी को सौंपी गई है।

🔴 तहरीर में लगाए गए गंभीर आरोप

​श्रीराम सेना धर्मार्थ सेवा न्यास से जुड़े विनोद कुमार आर्य और अमित कुमार द्वारा दी गई पुलिस शिकायत में आरोप लगाया गया है कि राहुल गांधी के कथित बयान और प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अनुसूचित जाति से संबंधित आपत्तिजनक एवं जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया गया। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि इन बयानों से समाज के लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं, जिसके आधार पर उन्होंने निष्पक्ष जांच कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

🔴 एसएसपी नैनीताल का बयान

​नैनीताल के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) मंजूनाथ टीसी ने पुष्टि की है कि पुलिस को एक औपचारिक शिकायत प्राप्त हुई थी। शिकायतकर्ता ने राहुल गांधी के बयान और प्रेस कॉन्फ्रेंस से स्वयं एवं अपने समाज को ठेस पहुंचने की बात कही थी। इसी शिकायत के आधार पर संबंधित गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने आगे की वैधानिक जांच शुरू कर दी है।

🔴 रामलीला मैदान के शुद्धिकरण से उपजा था विवाद

​यह पूरा कानूनी विवाद 8 अगस्त को हल्द्वानी के रामलीला मैदान में आयोजित कांग्रेस की रैली के बाद शुरू हुआ था। रैली समाप्त होने के बाद एक हिंदूवादी संगठन द्वारा कार्यक्रम स्थल पर कथित तौर पर ‘शुद्धिकरण यज्ञ’ किए जाने का मामला सामने आया था। इस घटना के बाद कांग्रेस और हिंदूवादी संगठनों के बीच तीखी राजनीतिक बयानबाजी का दौर शुरू हो गया था, जो अब राहुल गांधी के खिलाफ एफआईआर दर्ज होने के बाद और अधिक गरमा गया है। पुलिस फिलहाल मामले के तथ्यों की गहन जांच कर रही है और सामने आने वाले साक्ष्यों के आधार पर अगली कार्रवाई की जाएगी।

Share