उत्तराखंड हल्द्वानी में तीनपानी फ्लाईओवर पर भीषण सड़क हादसा, अनियंत्रित होकर पलटी कार, दो किशोरों की मौत; दो गंभीर रूप से घायल,,,

हल्द्वानी। हल्द्वानी शहर के तीनपानी फ्लाईओवर पर शुक्रवार अपराह्न एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो किशोरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक किशोर व एक किशोरी गंभीर रूप से घायल हो गए। तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने के बाद पलट गई। सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को तत्काल सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय में भर्ती कराया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार अपराह्न करीब चार बजे काठगोदाम से लालकुआं की ओर जा रही फोर्ड फिगो कार (संख्या UK02A-2544) तीनपानी फ्लाईओवर के पास अचानक अनियंत्रित हो गई। तेज गति के कारण वाहन पहले सड़क किनारे बने डिवाइडर से जा टकराया और फिर सड़क पर पलट गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार चारों किशोर अंदर ही फंस गए।
वाहन काटकर निकाले गए शव

हादसे में जान गंवाने वाले किशोरों की पहचान उत्कर्ष धपोला (16 वर्ष), निवासी ऊंचापुल, हल्द्वानी और सिद्धांत पाठक (16 वर्ष), निवासी देवलचौड़, हल्द्वानी के रूप में हुई है। वहीं भाविका (16 वर्ष) और प्रांजल (17 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गए। कार में बुरी तरह फंसे मृतकों के शवों को वाहन को काटकर बाहर निकालना पड़ा। दोनों घायलों का उपचार सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय में जारी है।
एसएसपी ने लिया घटनास्थल का जायजा, घायलों का जाना हाल

दुर्घटना की जानकारी मिलते ही नैनीताल के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) डॉ. मंजूनाथ टीसी ने मामले का संज्ञान लिया। उन्होंने एसपी सिटी हरबंस सिंह व अन्य पुलिस अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचने के निर्देश दिए। एसएसपी स्वयं घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लेते हुए राहत कार्यों की समीक्षा की। इसके बाद उन्होंने अस्पताल पहुंचकर घायल किशोर-किशोरी की स्थिति की जानकारी ली और चिकित्सकों को समुचित उपचार के निर्देश दिए। पुलिस मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई कर रही है।
यातायात नियमों के पालन की अपील
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने आमजन से अपील की है कि वाहन चलाते समय निर्धारित गति सीमा का कड़ाई से पालन करें और यातायात नियमों की कतई अनदेखी न करें। उन्होंने कहा कि सड़क पर तेज रफ्तार और थोड़ी सी भी लापरवाही चालक समेत दूसरों के जीवन को गंभीर खतरे में डाल देती है।

More Stories
उत्तराखंड “स्वच्छ उत्तराखंड मिशन 2026-30” होगा लागू, मुख्य सचिव ने दिए ठोस व प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन नियमावली तैयार करने के निर्देश,,,
उत्तराखंड कोर्ट में अभिनेत्री उर्मिला बोली “मीडिया के कैमरों के सामने हो नार्को और पॉलीग्राफ टेस्ट, खुलेंगे हत्याकांड के कई राज”
उत्तराखंड आईटी हब बनेगा देहरादून, अब स्थानीय युवाओं को नहीं करना पड़ेगा पलायन, युवाओं को मिलेंगे नए अवसर- केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद