April 14, 2026

“नौकरी ही नौकरी” 25 हजार फ्रेशर्स को नौकरी देगा TCS, FY 2026-27 के लिए बड़ा भर्ती प्लान घोषित,,,

“नौकरी ही नौकरी” 25 हजार फ्रेशर्स को नौकरी देगा TCS, FY 2026-27 के लिए बड़ा भर्ती प्लान घोषित,,,


नई दिल्ली: देश की अग्रणी आईटी कंपनी Tata Consultancy Services (TCS) ने वित्त वर्ष 2026-27 के लिए बड़े स्तर पर भर्ती का ऐलान करते हुए 25,000 फ्रेशर्स को नौकरी देने की योजना बनाई है। कंपनी के सीईओ और मैनेजिंग डायरेक्टर के. कृतिवासन ने बताया कि यह भर्ती पूरी तरह बाजार की मांग और बिजनेस जरूरतों पर आधारित होगी, और आवश्यकता पड़ने पर इसमें और बढ़ोतरी भी की जा सकती है।
कंपनी के अनुसार, पिछले तीन वर्षों से TCS लगातार हर साल 40,000 से अधिक फ्रेशर्स को रोजगार दे रही है। वित्त वर्ष 2025-26 में भी कंपनी ने करीब 44,000 फ्रेशर्स की भर्ती कर निजी क्षेत्र में एक नया रिकॉर्ड बनाया था। हालांकि, इस बार कंपनी का फोकस फिलहाल अनुभवी कर्मचारियों की भर्ती बढ़ाने पर नहीं है। इसका कारण यह है कि फ्रेशर्स को प्रोजेक्ट में शामिल करने से पहले लगभग 9 महीने की ट्रेनिंग दी जाती है, जबकि अनुभवी कर्मचारी तुरंत काम शुरू कर सकते हैं। इसलिए भर्ती रणनीति को पूरी तरह बिजनेस आवश्यकताओं के अनुरूप रखा गया है।
वहीं, पिछले वित्त वर्ष में हुई करीब 12,000 कर्मचारियों की छंटनी को लेकर कंपनी ने स्पष्ट किया है कि इसका सीधा संबंध आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से नहीं है। कंपनी का कहना है कि यह निर्णय प्रोजेक्ट एक्सीक्यूशन में बदलाव और घटती जरूरतों के कारण लिया गया था, जबकि बेहतर प्रदर्शन करने वाले कर्मचारियों के लिए भविष्य में भी पर्याप्त अवसर बने रहेंगे।
बिजनेस परिदृश्य की बात करें तो TCS ने सकारात्मक संकेत दिए हैं। कंपनी की प्रोजेक्ट पाइपलाइन स्थिर बनी हुई है और विभिन्न देशों व सेक्टर्स से नई मांग सामने आ रही है। वित्त वर्ष 2025-26 में कंपनी को लगभग 40 बिलियन डॉलर के नए कॉन्ट्रैक्ट मिले हैं। कंपनी के सीएफओ समीर सेकसरिया के अनुसार, आने वाले समय में कंपनी का मुख्य फोकस प्रॉफिट मार्जिन बढ़ाने और ऑपरेशनल दक्षता सुधारने पर रहेगा।

Share