उत्तराखंड एक नवंबर को दो दिवसीय दौरे पर उत्तराखंड पहुंचेंगी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, आस्था और विकास के केंद्र में देवभूमि, पीएम मोदी भी कर चुके हैं 28 दौरे,,,

देहरादून। देवभूमि उत्तराखंड देश के शीर्ष नेतृत्व के आस्था और विकास के केंद्र में निरंतर बना हुआ है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आगामी एक नवंबर को राज्य के दो दिवसीय दौरे पर पहुंच रही हैं। राष्ट्रपति पद का कार्यभार संभालने के बाद यह उनका उत्तराखंड का सातवां दौरा होगा। वहीं, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भी वर्ष 2015 से अप्रैल 2026 तक कुल 28 बार देवभूमि का दौरा कर चुके हैं। दोनों शीर्ष नेताओं के लगातार दौरों से स्पष्ट है कि राज्य की धार्मिक-सांस्कृतिक विरासत, सैन्य परंपरा और अवस्थापना विकास को राष्ट्रीय स्तर पर शीर्ष प्राथमिकता मिल रही है।
राष्ट्रपति के दौरों से ‘राष्ट्रपति निकेतन’ को मिली विशिष्ट पहचान

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का उत्तराखंड से गहरा जुड़ाव उनके दौरों की रूपरेखा में स्पष्ट दिखाई देता है:
- दिसंबर 2022: देहरादून में नागरिक अभिनंदन, दून विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह और मसूरी स्थित लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासन अकादमी (LBSNAA) के कार्यक्रम में प्रतिभाग।
- अप्रैल 2024 व जून 2025: ऋषिकेश और देहरादून में विभिन्न कार्यक्रमों में भागीदारी।
- 20 जून 2025: ऐतिहासिक निर्णय लेते हुए राजपुर रोड स्थित ‘राष्ट्रपति निकेतन’ व ‘राष्ट्रपति तपोवन’ को आमजन के लिए खोला गया। साथ ही करीब 132 एकड़ क्षेत्र में विस्तृत ‘राष्ट्रपति उद्यान’ की आधारशिला रखी गई, जहां हरित उद्यान, प्रकृति पथ, झील, बटरफ्लाई पार्क, एवियरी और साइकल ट्रैक विकसित किए जा रहे हैं।
- नवंबर 2025 व जून 2026: प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में आयोजित कार्यक्रमों में शामिल होने देहरादून आगमन।
आस्था से लेकर आर्थिक गलियारे तक: प्रधानमंत्री मोदी के 28 दौरे

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दौरों में आस्था के संरक्षण के साथ-साथ सुदूर सीमांत क्षेत्रों का विकास और कनेक्टिविटी का विस्तार मुख्य केंद्र बिंदु रहा है। 11 सितंबर 2015 को प्रधानमंत्री के रूप में अपने पहले उत्तराखंड दौरे के बाद से वे केदारनाथ-बदरीनाथ, आदि कैलाश और जागेश्वर धाम सहित प्रमुख धार्मिक स्थलों पर लगातार आते रहे हैं। पिछले वर्ष नवंबर में राज्य स्थापना के रजत जयंती समारोह में भाग लेने के बाद, अप्रैल 2026 में दिल्ली-देहरादून आर्थिक गलियारे के उद्घाटन के अवसर पर उनका 28वां दौरा संपन्न हुआ।
धामी सरकार के कार्यकाल में शीर्ष नेतृत्व के रिकॉर्ड दौरे
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के पिछले करीब सवा पांच वर्ष के कार्यकाल के दौरान केंद्र और राज्य के बीच अभूतपूर्व समन्वय देखने को मिला है। इस अवधि में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 18 बार उत्तराखंड आ चुके हैं, जबकि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के अब तक के सभी छह दौरे इसी कार्यकाल में संपन्न हुए हैं। एक नवंबर से शुरू हो रहा राष्ट्रपति का आगामी दौरा भी धामी कार्यकाल का सातवां राष्ट्रपति दौरा होगा, जो केंद्र और राज्य के सुदृढ़ संबंधों को रेखांकित करता है।

More Stories
उत्तराखंड ऋषिकेश चंद्रभागा नदी पर बनेगा 32 करोड़ का बो-स्ट्रिंग पुल, टिहरी और देहरादून के आस्था पथ आपस में जुड़ेंगे,,,,
हरिद्वार नगर आयुक्त ने पिंक वेंडिंग जोन का स्थलीय निरीक्षण कर वेंडरों की समस्याएं सुन समाधान का दिया आश्वासन,,,
उत्तराखंड विधायक उमेश कुमार के इस्तीफे पर सस्पेंस बरकरार, विधानसभा में विपक्ष का हंगामा, सदन की कार्यवाही स्थगित,,,