उत्तराखंड में पानी हुआ महंगा, जल संस्थान ने बढ़ाए बिल के टैरिफ,,,,

देहरादून: उत्तराखंड में अब पानी का उपयोग करना महंगा हो गया है। जल संस्थान ने पानी के बिलों में लगभग 4 प्रतिशत की बढ़ोतरी कर दी है, जो बुधवार से पूरे प्रदेश में लागू हो गई है। नई दरों के लागू होने से हजारों उपभोक्ताओं के मासिक खर्च पर असर पड़ने की संभावना है।
जल संस्थान के अधिकारियों के अनुसार, पानी के टैरिफ में यह वृद्धि 2013 में तय किए गए बेस टैरिफ ढांचे के तहत हर वर्ष की जाने वाली नियमित बढ़ोतरी का हिस्सा है। हालांकि इस बार उपभोक्ताओं को राहत देते हुए वृद्धि दर को पहले की तुलना में काफी कम रखा गया है।
अधिकारियों ने बताया कि पहले लोअर स्लैब में लगभग 9 प्रतिशत और हाई स्लैब में करीब 11 प्रतिशत तक टैरिफ बढ़ाया जाता था, लेकिन इस बार इसे घटाकर करीब 4 प्रतिशत कर दिया गया है ताकि आम उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ कम पड़े।
जल संस्थान के मुताबिक पानी का बिल मुख्य रूप से दो आधारों पर तय किया जाता है। पहला, हाउस टैक्स असेसमेंट के आधार पर स्लैब निर्धारण, और दूसरा पानी की वास्तविक खपत (वॉल्यूमेट्रिक टैरिफ) के आधार पर। इन दोनों मानकों के अनुसार उपभोक्ताओं को बिल जारी किया जाता है।
प्रदेश में करीब 50 हजार उपभोक्ता ऐसे हैं जिनका पानी का बिल खपत के आधार पर निर्धारित होता है। नई दरों का सीधा प्रभाव इन उपभोक्ताओं पर पड़ेगा और उनके मासिक बिल में बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है।
विभाग का कहना है कि टैरिफ में बढ़ोतरी आवश्यक थी, लेकिन इसे सीमित रखा गया है ताकि आम लोगों पर अधिक आर्थिक दबाव न पड़े और जल आपूर्ति व्यवस्था को सुचारू रूप से बनाए रखा जा सके।

More Stories
उत्तराखंड अजीत डोभाल पर टिप्पणी को लेकर बरसे सीएम धामी, बोले- देवभूमि के सपूतों के सम्मान से समझौता स्वीकार नहीं,,,,
आज का भविष्यफल – क्या कहते हैं आपकी किस्मत के सितारे दिन बुधवार दिनांक 14/10/2026
उत्तराखंड जन स्वास्थ्य पर धामी सरकार का बड़ा फैसला, पूरे प्रदेश में गुटखा और निकोटीन युक्त उत्पादों के निर्माण, भंडारण और बिक्री पर पूर्णतः प्रतिबंध,,,,