उत्तराखंड में मौसम का ऑरेंज अलर्ट, पांच जिलों में आकाशीय बिजली, ओलावृष्टि और तेज हवाओं की चेतावनी,,,,

देहरादून: भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) देहरादून ने उत्तराखंड के कई जिलों में खराब मौसम की चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार 04 अप्रैल 2026 को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जनपदों में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने, ओलावृष्टि तथा तेज झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना है। इन क्षेत्रों में हवाओं की रफ्तार 40 से 50 किमी प्रति घंटा तक रहने और कुछ स्थानों पर 60 किमी प्रति घंटा तक पहुंचने की आशंका जताई गई है। इन पांच जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जबकि राज्य के अन्य जनपदों में येलो अलर्ट घोषित किया गया है।
मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र, देहरादून ने संबंधित जिलों को सतर्कता बरतने के निर्देश जारी किए हैं। प्रशासन को निर्देश दिए गए हैं कि पर्वतीय क्षेत्रों में प्रतिकूल मौसम के दौरान ट्रैकिंग गतिविधियों को प्रतिबंधित या नियंत्रित रखा जाए तथा संवेदनशील इलाकों में आवागमन पर निगरानी रखते हुए सतर्कता बनाए रखी जाए। किसी भी आपदा या दुर्घटना की स्थिति में त्वरित स्थानीय कार्रवाई और सूचनाओं के तत्काल आदान-प्रदान के निर्देश भी दिए गए हैं।
आपदा प्रबंधन की आईआरएस प्रणाली के तहत नामित सभी अधिकारी और विभागीय नोडल अधिकारी हाई अलर्ट पर रहेंगे। साथ ही संबंधित विभागों को फील्ड में सक्रिय रहने, मोटर मार्ग बाधित होने की स्थिति में उन्हें तुरंत बहाल करने और राजस्व उपनिरीक्षक, ग्राम विकास अधिकारी तथा ग्राम पंचायत अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहने को कहा गया है।
इसके अलावा सभी पुलिस चौकियों और थानों में आपदा प्रबंधन उपकरण और वायरलेस प्रणाली के साथ हाई अलर्ट रखने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों और कर्मचारियों को अपने मोबाइल फोन चालू रखने, आवश्यक उपकरण जैसे बरसाती, छाता, टॉर्च और हेलमेट साथ रखने तथा आपात स्थिति में फंसे लोगों के लिए खाद्य सामग्री और चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की तैयारी रखने को कहा गया है।
प्रशासन ने विद्यालयों में विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विशेष सावधानी बरतने तथा उच्च हिमालयी क्षेत्रों में पर्यटकों के आवागमन को प्रतिकूल मौसम के दौरान नियंत्रित करने के निर्देश दिए हैं। वहीं नगर और कस्बाई क्षेत्रों में नालियों और कल्वर्ट से अवरोध हटाकर जल निकासी व्यवस्था सुचारू रखने के लिए भी कहा गया है।
सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने आम जनता से अपील की है कि वे मौसम संबंधी चेतावनियों को गंभीरता से लें, सुरक्षित स्थानों पर रहें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।

More Stories
उत्तराखंड अजीत डोभाल पर टिप्पणी को लेकर बरसे सीएम धामी, बोले- देवभूमि के सपूतों के सम्मान से समझौता स्वीकार नहीं,,,,
आज का भविष्यफल – क्या कहते हैं आपकी किस्मत के सितारे दिन बुधवार दिनांक 14/10/2026
उत्तराखंड जन स्वास्थ्य पर धामी सरकार का बड़ा फैसला, पूरे प्रदेश में गुटखा और निकोटीन युक्त उत्पादों के निर्माण, भंडारण और बिक्री पर पूर्णतः प्रतिबंध,,,,