उत्तराखंड लोक सेवा आयोग ने PCS परीक्षा-2026 के लिए 67 पदों के लिए किया भर्ती विज्ञापन जारी, 29 सितंबर तक करें आवेदन,,,

देहरादून। उत्तराखंड लोक सेवा आयोग ने राज्य सिविल/प्रवर अधीनस्थ सेवा परीक्षा-2026 के लिए भर्ती विज्ञापन जारी कर दिया है। आयोग की ओर से जारी विज्ञापन के तहत प्रदेश में विभिन्न विभागों में कुल 67 पदों पर भर्ती की जाएगी। इनमें डिप्टी कलेक्टर, पुलिस उपाधीक्षक, जिला कमांडेंट होमगार्ड, वित्त अधिकारी/कोषाधिकारी समेत कई महत्वपूर्ण प्रशासनिक पद शामिल हैं। इच्छुक अभ्यर्थी आयोग की वेबसाइट के जरिए 29 सितंबर तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आयोग की ओर से जारी विज्ञापन के मुताबिक भर्ती में सबसे अधिक 14 पद पुलिस उपाधीक्षक के हैं।
विभिन्न विभागों में इन पदों पर होगी भर्ती
- प्रमुख प्रशासनिक पद: डिप्टी कलेक्टर के 10 पद, जिला कमांडेंट होमगार्ड के 2 पद, वित्त अधिकारी/कोषाधिकारी के 4 पद, सहायक निदेशक/लेखा परीक्षा के 8 पद, सहायक आयुक्त राज्य कर के 1 पद और सहायक नगर आयुक्त/अधिशासी अधिकारी श्रेणी-1 का 1 पद शामिल है।
- अन्य विभाग: कृषि एवं कृषक कल्याण विभाग में उद्यान विकास अधिकारी श्रेणी-2 का 1 पद, विद्यालयी शिक्षा विभाग में उप शिक्षा अधिकारी/स्टाफ ऑफिसर/विधि अधिकारी का 1 पद, श्रम विभाग में सहायक श्रम आयुक्त का 1 पद, संस्कृत शिक्षा विभाग में सहायक निदेशक/उपसचिव के 4 पद, श्रम विभाग में सहायक निदेशक, कारखाना/बॉयलर के 2 पद और परिवहन विभाग में सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी के 5 पद शामिल हैं।
- अन्य श्रेणी: विज्ञापन में राज्य कर अधिकारी के 5 पद और महिला कल्याण विभाग में केस वर्कर के 3 पद भी शामिल हैं।
वेतनमान और श्रेणीवार पदों का विवरण
अलग-अलग पदों के लिए वेतनमान निर्धारित किए गए हैं। अधिकांश उच्च पदों के लिए लेवल-10 के तहत 56,100 से 1,77,500 रुपये तक का वेतनमान तय है, जबकि राज्य कर अधिकारी के लिए लेवल-7 और केस वर्कर के लिए लेवल-6 का वेतनमान है। कुल 67 पदों में से 37 पद सामान्य श्रेणी, 13 पद अनुसूचित जाति, 11 पद अन्य पिछड़ा वर्ग और 6 पद आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए आरक्षित हैं।
महत्वपूर्ण तिथियां और निर्देश
- ऑनलाइन आवेदन व शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि: 29 सितंबर।
- आवेदन संशोधन की तिथि: 7 अक्टूबर से 16 अक्टूबर 2026 के बीच ऑनलाइन आवेदन पत्र में संशोधन या परिवर्तन किया जा सकेगा।
- शुल्क भुगतान का माध्यम: नेट बैंकिंग, डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड और यूपीआई के जरिए ही ऑनलाइन परीक्षा शुल्क जमा होगा।
आयोग ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें तथा शैक्षिक अर्हता, आयु सीमा व अन्य शर्तों से जुड़ी विस्तृत जानकारी आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध विज्ञापन से जांच लें।

More Stories
उत्तराखंड कार्बेट और राजाजी टाइगर रिजर्व में 15 नवंबर से शुरू होगा पर्यटन सत्र, हाईटेक निगरानी के बीच होगी जंगल सफारी,,,
उत्तराखंड सुरकंडा देवी मंदिर पर मॉक ड्रिल के दौरान रोपवे में अचानक आया तकनीकी फॉल्ट, समय रहते टला बड़ा हादसा,,,
उत्तराखंड में मानसून फिर सक्रिय, 15 सितंबर तक भारी बारिश और बर्फबारी का येलो अलर्ट जारी,,,