उत्तराखंड वन विकास निगम में स्केलर के 200 पदों पर सीधी भर्ती का विज्ञापन जारी, अभ्यर्थी ऐसे करे आवेदन,,,,,

देहरादून। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) ने उत्तराखंड वन विकास निगम के अंतर्गत स्केलर (समूह ‘ग’) के 200 रिक्त पदों पर सीधी भर्ती के लिए आधिकारिक विज्ञापन जारी कर दिया है। इस भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 22 सितंबर 2026 से शुरू होगी, और इच्छुक उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट sssc.uk.gov.in के माध्यम से 22 अक्टूबर 2026 तक आवेदन कर सकते हैं। आयोग द्वारा यह विज्ञापन 15 सितंबर 2026 को जारी किया गया है।
शैक्षणिक योग्यता और आयु सीमा
स्केलर पद के लिए आवेदन करने हेतु अभ्यर्थी का भारत में विधि द्वारा स्थापित बोर्ड/परिषद या उत्तराखंड राज्य के मान्यता प्राप्त विद्यालय से इंटरमीडिएट (12वीं) या समकक्ष परीक्षा उत्तीर्ण होना अनिवार्य है। विज्ञप्ति के अनुसार, विज्ञान अथवा अंकगणित के साथ इंटरमीडिएट उत्तीर्ण अभ्यर्थियों को समान परिस्थितियों में प्राथमिकता दी जाएगी। इसके अलावा, अभ्यर्थी का उत्तराखंड राज्य स्थित सेवायोजन कार्यालय में अंतिम तिथि तक पंजीकरण होना तथा उत्तराखंड का मूल/स्थायी निवास प्रमाण-पत्र होना आवश्यक है।
आयु की गणना 1 जुलाई 2026 को आधार मानकर की जाएगी। इस पद के लिए न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु 28 वर्ष निर्धारित की गई है। आरक्षित श्रेणियों (जैसे अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, दिव्यांगजन और पूर्व सैनिक) के अभ्यर्थियों को उत्तराखंड सरकार के नियमों के अनुसार अधिकतम आयु सीमा में नियमानुसार छूट प्रदान की जाएगी।
चयन प्रक्रिया- पहले शारीरिक दक्षता, फिर होगी लिखित परीक्षा
इस भर्ती की चयन प्रक्रिया दो चरणों में संपन्न होगी। पहले चरण में अभ्यर्थियों की शारीरिक अर्हता एवं शारीरिक दक्षता परीक्षा ली जाएगी, जिसकी अनुमानित शुरुआत 19 नवंबर 2026 से होगी। इस चरण में सफल घोषित होने वाले अभ्यर्थी ही आगामी लिखित प्रतियोगी परीक्षा में शामिल हो सकेंगे।
शारीरिक दक्षता परीक्षा के तहत पुरुष अभ्यर्थियों को 25 किलोमीटर की दौड़ अधिकतम चार घंटे में तथा महिला अभ्यर्थियों को 14 किलोमीटर की दौड़ अधिकतम चार घंटे में पूरी करनी होगी। इसके साथ ही दोनों वर्गों के लिए शॉट पुट, लंबी कूद और ऊंची कूद के मानक भी निर्धारित किए गए हैं। शारीरिक परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों के लिए 100 अंकों की वस्तुनिष्ठ बहुविकल्पीय लिखित परीक्षा (दो घंटे की अवधि) आयोजित की जाएगी।
वेतनमान, आवेदन शुल्क और महत्वपूर्ण तिथियां
चयनित अभ्यर्थियों को लेवल-02 के तहत 19,900 रुपये से 63,200 रुपये तक का वेतनमान मिलेगा।
- आवेदन शुल्क: अनारक्षित एवं उत्तराखंड अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) के लिए 300 रुपये, जबकि उत्तराखंड एससी, एसटी, ईडब्ल्यूएस और दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए 150 रुपये है। अनाथ अभ्यर्थियों के लिए आवेदन शुल्क पूरी तरह निःशुल्क रखा गया है।
- महत्वपूर्ण तिथियां: ऑनलाइन आवेदन 22 सितंबर 2026 से 22 अक्टूबर 2026 तक किए जा सकेंगे। आवेदन पत्र में संशोधन 26 से 27 अक्टूबर 2026 के बीच किया जा सकेगा।
अभ्यर्थी आवेदन करने से पहले आयोग की आधिकारिक वेबसाइट sssc.uk.gov.in पर जाकर विज्ञप्ति को ध्यानपूर्वक पढ़ लें।

More Stories
उत्तराखंड विधानसभा बर्खास्तगी मामले में हाईकोर्ट ने खारिज किया प्रार्थना पत्र, 15 अक्टूबर को होगी अब अगली सुनवाई,,,,
उत्तराखंड, सऊदी अरब में 8 साल से फंसे इंद्रमणि की वतन वापसी की आस, लक्ष्य पूरा करने के लिए अब भी 49 लाख रुपये की दरकार,,,,
उत्तराखंड के गढ़वाल राइफल्स के उत्थान में अहम भूमिका निभाने वाले जनरल एनएस राजा सुब्रमणि बने देश के तीसरे सीडीएस,,,,