उत्तराखंड शिक्षा विभाग में 1592 शिक्षकों और कर्मचारियों के अनुरोध पर विभाग ने किए तबादले, सात दिन में कार्यभार ग्रहण करने के सख्त निर्देश,,,

देहरादून। उत्तराखंड शिक्षा विभाग में अनुरोध के आधार पर कुल 1592 शिक्षकों और कर्मचारियों के तबादले कर दिए गए हैं। जारी किए गए आदेश के अनुसार, सभी स्थानांतरित शिक्षकों को सात दिन के भीतर प्रतिस्थानी (रिलीवर) का इंतजार किए बिना अपने नए विद्यालय में कार्यभार ग्रहण करना होगा।
माध्यमिक और मिनिस्ट्रीयल कर्मचारियों के तबादले
माध्यमिक शिक्षा के अंतर्गत चार प्रमुख प्रधानाध्यापकों के तबादले किए गए हैं, जिनमें भूपेंद्र सिंह रावत और जसपाल सिंह पटवाल का टिहरी से देहरादून व डोईवाला, कैलाश चंद्र डिमरी का सहसपुर, और नेत्रपाल सिंह का सहसपुर से रायपुर, देहरादून ट्रांसफर हुआ है। इसके अलावा, कुल 105 मिनिस्ट्रीयल कर्मचारियों के तबादले किए गए हैं, जिनमें से 68 कर्मचारियों के पारस्परिक (म्यूचुअल) तबादले शामिल हैं। प्रवक्ताओं की श्रेणी में महिला संवर्ग की 26 और सामान्य वर्ग के 298 प्रवक्ताओं के तबादले किए गए हैं।
जिलेवार प्रारंभिक शिक्षा शिक्षकों के स्थानांतरण
प्रारंभिक शिक्षा विभाग के तहत विभिन्न जिलों में शिक्षकों के बड़े पैमाने पर तबादले किए गए हैं। आंकड़ों के अनुसार टिहरी में 51, रुद्रप्रयाग में 11, देहरादून में 91, पिथौरागढ़ में 39, पौड़ी में 60, उत्तरकाशी में 43, चंपावत में 55 और 26, ऊधमसिंह नगर में 20, हरिद्वार में 60, नैनीताल में 45, बागेश्वर में 14 तथा अल्मोड़ा में 18 शिक्षकों के तबादले हुए हैं।
दुर्गम से सुगम क्षेत्रों में अधिक स्थानांतरण
शिक्षा विभाग में किए गए अधिकांश तबादले दुर्गम से सुगम अथवा सुगम से सुगम क्षेत्रों में किए गए हैं। हालांकि, कुछ ऐसे मामले भी सामने आए हैं जिनमें शिक्षकों के तबादले दुर्गम से दुर्गम क्षेत्रों के स्कूलों में हुए हैं, लेकिन ऐसे मामलों की संख्या काफी कम है।
दुर्गम क्षेत्रों में शिक्षकों की कमी की आशंका
अनुरोध के आधार पर हुए इन तबादलों से पर्वतीय और दूर-दराज के दुर्गम तथा अति दुर्गम क्षेत्रों के विद्यालयों में शिक्षकों की कमी पैदा हो सकती है। विद्यार्थियों की पढ़ाई पर इसका असर न पड़े, इसके लिए कम शिक्षक संख्या वाले विद्यालयों में शिक्षकों के नए सिरे से समायोजन की आवश्यकता महसूस की जा रही है। माध्यमिक शिक्षा निदेशक विनोद सिमल्टी ने जानकारी दी है कि प्रवक्ताओं के तबादलों की प्रक्रिया अभी जारी है और जल्द ही शेष सूचियां भी आधिकारिक तौर पर जारी कर दी जाएंगी।

More Stories
उत्तराखंड ऋषिकेश के सुनियोजित विकास का रोडमैप तैयार, महायोजना पर तेज की सरकार ने कार्यवाही,,,,
उत्तराखंड देहरादून कुंवावाला में सीएम ने सुनी प्रधानमंत्री की ‘मन की बात’, युवाओं से की नशामुक्त और विकसित भारत के निर्माण की अपील,,,
उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में एनआईपीवीडी में दृष्टिबाधित लोगों को दी जाएगी 3 महीने की मुफ्त ट्रेनिंग- डॉ. विनोद कुमार केन