उत्तराखंड हरिद्वार टनल के पास पहाड़ी से गिरा मलबा और भारी बोल्डर, प्राचीन काली मंदिर क्षतिग्रस्त,रेल सुरक्षा को लेकर चिंता,,,,

हरिद्वार: हरिद्वार में रेलवे टनल के समीप पहाड़ी की तलहटी में स्थित प्राचीन काली मंदिर पर बीती रात अचानक भारी मलबा और एक विशाल बोल्डर आ गिरा, जिससे मंदिर को काफी नुकसान पहुंचा है। यह घटना रात करीब 2:30 बजे हुई, जिसमें मंदिर का गुंबद, दीवारें और अन्य अंदरूनी हिस्से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। गनीमत यह रही कि हादसे के वक्त मंदिर परिसर में कोई भी मौजूद नहीं था, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, क्षेत्र में पिछले दो दिनों से लगातार भारी बारिश हो रही थी। हालांकि घटना के वक्त बारिश रुकी हुई थी, लेकिन पहाड़ी की मिट्टी अत्यधिक गीली होने के कारण अचानक भूस्खलन हो गया और मलबा सीधे मंदिर पर आ गिरा। खास बात यह है कि मंदिर के ठीक नीचे से रेलवे ट्रैक गुजरता है, जिसके कारण इस घटना से रेल सुरक्षा को लेकर भी चिंताएं बढ़ गई थीं।
सूचना मिलते ही रेलवे और आपदा प्रबंधन विभाग के अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। रेलवे कर्मचारियों ने तत्परता दिखाते हुए फौरन ट्रैक का निरीक्षण किया और पटरियों पर गिरे मलबे व पत्थरों को रात में ही हटाकर रेल मार्ग को पूरी तरह सुरक्षित कर दिया। इसके बाद रेल यातायात सामान्य रूप से सुचारू रहा और किसी भी ट्रेन का संचालन प्रभावित नहीं हुआ।
गौरतलब है कि इसी स्थान पर पिछले वर्ष भी भारी भूस्खलन हुआ था, जिससे ट्रेनों की आवाजाही पर असर पड़ा था। उस समय रेलवे द्वारा पहाड़ी का ट्रीटमेंट कराते हुए ट्रैक की सुरक्षा के लिए लोहे के जाल की मरम्मत कराई गई थी। इसके बावजूद, लगातार बारिश के दौरान क्षेत्र में भूस्खलन का खतरा बरकरार रहने के कारण अब रेलवे ट्रैक, नीचे स्थित सड़क और आसपास की दुकानों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल उठने लगे हैं।

More Stories
उत्तराखंड हरिद्वार डीएम मयूर दीक्षित ने जनसुनवाई में 68 शिकायतो में से मौके पर 32 का किया निस्तारण,,,
उत्तराखंड मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जनसमस्याएं सुन अधिकारियों को दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश,,,
उत्तराखंड में जर्जर और बंद स्कूलों के खिलाफ सीजेपी का बड़ा अल्टीमेटम, धामी सरकार को दिया 10 दिन का समय,,,