उत्तराखंड हरिद्वार में विजिलेंस ने रानीपुर कोतवाली में तैनात महिला ASI सोनिया 10 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार,,,,

हरिद्वार। उत्तराखंड सतर्कता अधिष्ठान (विजिलेंस) की टीम ने शनिवार को हरिद्वार में बड़ी कार्रवाई करते हुए रानीपुर कोतवाली में तैनात एक महिला सहायक उपनिरीक्षक (ASI) को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी महिला पुलिसकर्मी पर लेन-देन से जुड़े एक विवाद में समझौता कराकर मामला निपटाने के एवज में घूस मांगने का आरोप है। इस कार्रवाई के बाद से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
टोल-फ्री नंबर 1064 पर दर्ज कराई थी शिकायत

विजिलेंस से मिली जानकारी के मुताबिक, पीड़ित पक्ष ने सतर्कता विभाग के टोल-फ्री नंबर 1064 पर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि उसका एक अन्य पक्ष के साथ पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा था।

रानीपुर कोतवाली में तैनात महिला एएसआई मामले में दोनों पक्षों के बीच समझौता कराकर फाइल बंद करने के नाम पर 10 हजार रुपये की मांग कर रही थी। शिकायत की प्राथमिक जांच में आरोप सही पाए जाने पर सतर्कता सेक्टर देहरादून के पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष ट्रैप टीम का गठन किया गया।
ड्यूटी के दौरान ही रिश्वत लेने पहुंची थी आरोपी

भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर विजिलेंस टीम ने सुनियोजित तरीके से जाल बिछाया। वर्तमान में सर्वपितृ अमावस्या मेले के चलते महिला एएसआई की ड्यूटी शहर कोतवाली क्षेत्र में लगी हुई थी। शनिवार को उसने शिकायतकर्ता को तय रकम लेकर वहीं बुला लिया। जैसे ही शिकायतकर्ता ने बताए गए स्थान पर महिला एएसआई को 10 हजार रुपये की रिश्वत सौंपी, विजिलेंस की ट्रैप टीम ने दबिश देकर उसे मौके पर ही रंगे हाथ दबोच लिया।
भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम में आगे की कार्रवाई जारी
विजिलेंस ने महिला एएसआई की गिरफ्तारी की आधिकारिक पुष्टि करते हुए प्रेस नोट जारी कर दिया है। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम (Prevention of Corruption Act) के तहत विधिक कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। ड्यूटी के दौरान ही खाकी पर लगे इस दाग और विजिलेंस की त्वरित कार्रवाई से हरिद्वार पुलिस महकमे में दिनभर चर्चा का माहौल बना रहा।

More Stories
उत्तराखंड सर्वपितृ अमावस्या, धर्मनगरी हरिद्वार और देवप्रयाग में उमड़ा आस्था का सैलाब, घाटों पर हुआ पिंडदान; हाईवे पर लगा भीषण जाम,,,
उत्तराखंड अर्धकुंभ 2027, समयसीमा और गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं, मंडलायुक्त ने दिए निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश,,,,
उत्तराखंड हरिद्वार में विजिलेंस ने रानीपुर कोतवाली में तैनात महिला ASI 10 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार,,,,