दून यूनिवर्सिटी में आधी रात को बवाल; मेस के खाने में रेंगते दिखे कीड़े, छात्राओं ने घेरा कुलपति आवास,,,,,,,

देहरादून।दून विश्वविद्यालय के छात्रावासीय मेस में परोसे जाने वाले भोजन की स्वच्छता और गुणवत्ता पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। सोमवार देर रात गर्ल्स हॉस्टल की मेस में परोसे गए खाने में कीड़ा मिलने के बाद सैकड़ों की संख्या में छात्र–छात्राएं परिसर में सड़कों पर उतर आए और विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया

🔵सब्जी में मिला कीड़ा, मेस कर्मियों पर लापरवाही का आरोप प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना सोमवार रात के भोजन वितरण के दौरान की है। अलकनंदा गर्ल्स हॉस्टल की छात्राओं को परोसी गई सब्जी/नाश्ते में कीड़े पाए गए। जब छात्राओं ने इसकी शिकायत मेस कर्मचारियों से की, तो आरोप है कि कर्मचारियों ने इस गंभीर शिकायत को अनदेखा करते हुए छात्राओं के साथ असंवेदनशील व्यवहार किया। मेस कर्मियों के इस रवैये से नाराज होकर छात्राएं हॉस्टल के बाहर जमा होने लगीं।
🔵 कुलपति आवास के बाहर रातभर प्रदर्शन और नारेबाजी
घटना की खबर फैलते ही अन्य हॉस्टलों के छात्र भी अलकनंदा और मंदाकिनी हॉस्टल की छात्राओं के समर्थन में आ गए। उग्र विद्यार्थियों ने कुलपति आवास के बाहर एकत्र होकर देर रात तक विश्वविद्यालय प्रशासन और मेस प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारी छात्रों का कहना था कि मेस में घटिया सामग्री का इस्तेमाल लंबे समय से किया जा रहा है और बार-बार शिकायत के बावजूद कोई सुनवाई नहीं हो रही थी।
🔵 कैटरर पर गिरी गाज, नए ठेकेदार को कमान
मामले की गंभीरता को देखते हुए विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. सुरेखा डंगवाल और प्रशासनिक अधिकारी देर रात मौके पर पहुंचे। छात्रों के बढ़ते आक्रोश को देखते हुए प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मौजूदा मेस ठेकेदार को हटा दिया और अस्थाई रूप से नए कैटरर को भोजन तैयार करने की जिम्मेदारी सौंप दी। प्रशासन की देखरेख में रात लगभग 11:30 बजे छात्रों के लिए नए सिरे से भोजन तैयार कर परोसा गया।
🔵 खाद्य सुरक्षा जांच और निष्पक्ष कार्रवाई का आश्वासन
विश्वविद्यालय प्रशासन ने छात्रों को आश्वस्त किया है कि मेस के राशन, मसालों और किचन की स्वच्छता मानकों की गहन जांच कराई जाएगी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि छात्रों के स्वास्थ्य और भोजन की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और जांच रिपोर्ट के आधार पर दोषी पाए जाने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी। आश्वासन मिलने और नई व्यवस्था लागू होने के बाद ही छात्रों ने अपना विरोध प्रदर्शन समाप्त किया।

More Stories
उत्तराखंड ‘मन की बात’ में चमकीं माणा की पूर्णिमा, पीएम मोदी ने की सराहना,,,,,
शाम की चाय का मज़ा दोगुना करेंगे कच्चे पपीते के क्रिस्पी कटलेट, जानें बेहद आसान रेसिपी
श्रीनगर के जीएनटीआई स्टेडियम में जुटेंगी आधुनिक सुविधाएं, डॉ. धन सिंह रावत ने दिया जनवरी तक का अल्टीमेटम