September 14, 2026

सीएम धामी ने हिंदी को बताया भारतीयता की पहचान अधिक से अधिक व्यवहार में लाने की अपील

 सीएम धामी ने हिंदी को बताया भारतीयता की पहचान अधिक से अधिक व्यवहार में लाने की अपील

देहरादून उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हिंदी दिवस के अवसर पर प्रदेशवासियों को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। इस मौके पर अपने जारी संदेश में उन्होंने हिंदी भाषा के सांस्कृतिक, सामाजिक और राष्ट्रीय महत्व को रेखांकित करते हुए इसे देश की आत्मा करार दिया।

​🔴सभ्यता और संस्कृति की प्रतीक है हिंदी

मुख्यमंत्री ने कहा कि हिंदी केवल विचार-विमर्श या आपसी संवाद का माध्यम भर नहीं है, बल्कि यह हमारी प्राचीन सभ्यता, समृद्ध संस्कृति और भारतीयता की वास्तविक पहचान है। यह भाषा देश की विविधता में एकता की भावना को न केवल संजोकर रखती है, बल्कि उसे निरंतर सशक्त भी बनाती है।

​🔴एकता और अखंडता को दी मजबूती

अपने संबोधन में सीएम धामी ने कहा कि हिंदी ने भारतीय समाज को एक सूत्र में पिरोने और जोड़ने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई है। स्वतंत्रता आंदोलन के दौर में भी इस भाषा ने देशवासियों में राष्ट्रीय चेतना जगाने और उन्हें एकजुट करने का कार्य किया। आज भी यह देश की एकता और अखंडता को मजबूती प्रदान कर रही है।

​🔴हिंदी के संरक्षण और संवर्धन के लिए प्रतिबद्ध सरकार

प्रदेश सरकार के प्रयासों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य सरकार हिंदी के संरक्षण, संवर्धन और इसे व्यावहारिक स्तर पर बढ़ावा देने के लिए लगातार कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री ने सभी प्रदेशवासियों से आग्रह किया कि वे अपने दैनिक जीवन और सरकारी व गैर-सरकारी कामकाज में हिंदी का अधिक से अधिक उपयोग करें।

You may have missed

Share